विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार सुस्त, 67 फीसदी कम बारिश से सूखे जैसे हालात, मौसम विभाग बोला large Deficient

छत्तीसगढ़ में मानसून की सुस्ती से सूखे जैसे हालात बन गए हैं। एक से 21 जून के बीच सामान्य से 67% कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे मौसम विभाग ने प्रदेश को …और पढ़ें

By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey

Publish Date: Mon, 22 Jun 2026 08:31:14 AM (IST)Updated Date: Mon, 22 Jun 2026 08:31:14 AM (IST)

बारिश की राह देखते किसान की प्रतीकात्मक तस्वीर। एआई

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। जून का तीसरा सप्ताह समाप्त होने को है, लेकिन छत्तीसगढ़ में मानसून अब तक कमजोर बना हुआ है। एक जून से 21 जून तक प्रदेश में सामान्य 96.7 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 32.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यानी अब तक 67 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश को लार्ज डेफिसिएंट श्रेणी में रखा है। कई जिलों में हालात ज्यादा चिंताजनक हैं, जहां सामान्य से 80 से 95 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मोहला मानपुर की हालत खराब

सबसे खराब स्थिति मोहला-मानपुर-चौकी जिले की है, जहां अब तक केवल 4.5 मिमी बारिश हुई है। कम बारिश और तेज गर्मी का असर खेती, जलस्तर और खरीफ सीजन की तैयारियों पर साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और कुछ हिस्सों में गरज-चमक की संभावना जताई है, जबकि 23 जून के आसपास मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।

कई जिलों में सामान्य से 90 फीसदी तक कम बारिश

प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। राजनांदगांव में 91 प्रतिशत, मोहला-मानपुर-चौकी में 95 प्रतिशत और बिलासपुर में 88 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सक्ती, बीजापुर, बालोद, बलौदाबाजार, महासमुंद और रायगढ़ जैसे जिलों में भी स्थिति कमजोर बनी हुई है। राजधानी रायपुर में अब तक केवल 25.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 81.1 मिमी माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों की बोनी प्रभावित हो सकती है।

41.8 डिग्री पहुंचा बिलासपुर का तापमान

बारिश की कमी के बीच प्रदेश में गर्मी और उमस भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है। माना एयरपोर्ट में तापमान 41.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ जिलों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

किसानों की बढ़ी चिंता, बोनी पर असर

मानसून की धीमी चाल का असर ग्रामीण क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है। कई इलाकों में किसान अब तक धान की बोनी शुरू नहीं कर सके हैं। शुरुआती बारिश के बाद जिन खेतों की तैयारी की गई थी, वहां दोबारा तेज धूप निकलने से जमीन की नमी कम हो रही है। छोटे तालाबों और जलाशयों में भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाया है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह में अच्छी बारिश नहीं हुई तो खरीफ सीजन की फसलों का रकबा प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button