विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ में मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; शुक्रवार को इन जिलों के लोग रहें अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून की सक्रियता के बावजूद राज्य में अब तक वर्षा का आंकड़ा सामान्य से काफी पीछे है। विभाग का अनुमान है कि मॉनसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के बाद आगामी दिनों में वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 10 दिनों की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक मॉनसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है और आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, इन जिलों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ भारी और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

शुक्रवार को इन तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

3 जुलाई (शुक्रवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए उन सभी जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है।

ऐसा रहेगा राजधानी रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने तथा बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की है। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बीते दिन विभिन्न इलाकों में हुई हल्की से मध्यम बारिश

गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि सरगुजा में लगातार दो दिन हुई बारिश के बाद गांधीनगर सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसमी हादसों में गई कई पशु-पक्षियों की जान

बारिश और आकाशीय बिजली से जन-धन की क्षति की घटनाएं भी सामने आई हैं। अंबिकापुर में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर बिजली गिरने से वह पूरी तरह जल गया। कोरबा जिले के रामपुर क्षेत्र में इमली के पेड़ पर गाज गिरने से छह साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। वहीं बीजापुर जिले की गंगालूर तहसील के कोटेर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से नौ बकरियां मर गईं।

सामान्य के मुकाबले हुई बेहद कम बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून की सक्रियता के बावजूद राज्य में अब तक वर्षा का आंकड़ा सामान्य से काफी पीछे है। विभाग के अनुसार 1 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 30 जून तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 188 मिमी (7.4 इंच) बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिमी (2.5 इंच) ही दर्ज हुई है। यानी सामान्य से 121.8 मिमी (4.7 इंच) कम पानी बरसा है। विभाग का अनुमान है कि मॉनसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के बाद आगामी दिनों में वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button