मार्ट संचालक ने जब्त की स्कूटी, छात्रा ने लगाई फांसी: छात्रा पर संचालक ने लगाया था चोरी का आरोप, स्कूटी वापस करने मांगे 50 हजार – koriya News
कोरिया जिले के बैकुंठपुर पुलिस लाइन में रहने वाली 17 साल की छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा एक कांस्टेबल की बेटी थी। कुछ दिन पहले आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) के संचालक ने छात्रा पर सामान छिपाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद उसकी स्कूटी जब्त कर ली थी और उसे 50 हजार रुपए देने की मांग की थी। इससे छात्रा काफी परेशान थी। इस वजह छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। छात्रा ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। इसमें उसने लिखा है, ‘मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है।’ मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आईसी मार्ट को सील कर दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन बैकुंठपुर में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय बेटी रितु सिंह आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार को वह अपनी छोटी बहन के साथ सामान खरीदने के लिए बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) गई थी। बताया जा रहा है कि आईसी मार्ट संचालक ने छात्रा पर करीब 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान का भुगतान किए बिना रखने का आरोप लगाया। हालांकि, छात्रा और उसकी बहन सामान लेकर दुकान से बाहर नहीं निकली थीं। आरोप है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांटा, उससे एक कागज पर कुछ लिखवाया और उसकी स्कूटी अपने पास रख ली। इसके बाद स्कूटी वापस देने के लिए 5 हजार रुपए लाने को कहा गया। संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए मांगे 50 हजार आईसी मार्ट से लौटने के बाद छात्रा ने डर की वजह से घर में अपने पिता को इस घटना के बारे में नहीं बताई। उसने अपने परिचित एक एएसआई को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एएसआई आईसी मार्ट पहुंचे। संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए पहले 20 हजार रुपए की मांग की। एएसआई ने संचालक से छात्रा की स्कूटी वापस करने की बात कही और कहा कि पैसे की व्यवस्था हो जाएगी। इस पर संचालक ने कथित तौर पर बताया कि स्कूटी दूसरी जगह भेज दी गई है और सुबह आकर ले जाने को कहा। मामले की जानकारी मिलने के बाद बुधवार सुबह छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा खुद आईसी मार्ट पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान संचालक ने स्कूटी वापस करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की। आरक्षक के पास 20 हजार रुपए थे, लेकिन संचालक ने इसके बाद भी स्कूटी लौटाने से इनकार कर दिया। मां को लेने बस स्टैंड गए थे पिता, तभी फांसी लगा ली आरक्षक ने पूरी घटना की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी, जो उस समय मायके गई थी। जब छात्रा को इस बारे में पता चला तो वह काफी परेशान और डर गई। दोपहर करीब 2 बजे रितु सिंह की मां बस से बैकुंठपुर पहुंची। उस समय उसके पिता उन्हें लेने बस स्टैंड गए हुए थे, इस दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। जब दोनों घर पहुंचे तो उन्हें रितु सिंह का शव फांसी पर झूलता मिला। छात्रा का सुसाइड नोट जब्त, आईसी मार्ट सील घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने लिखा है, “मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है।” बैकुंठपुर थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। एफएसएल टीम दुकान पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अभी तक आईसी मार्ट संचालक का पक्ष सामने नहीं आ सका है।
Source link











