महासमुंद पुलिस ने पकड़ा 600 किलो गांजा: मशीनरी के कार्टूनों में छिपाकर ले जा रहे थे, एक गिरफ्तार, 3.12 करोड़ की संपत्ति जब्त – Mahasamund News
पुलिस ने पकड़ी गांजा तस्करी की बड़ी खेप
महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इससे पहले 8 मई को एंबुलेंस से 77 किलो और 7 मई को पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपए मूल्य का गांजा बरामद किया गया था।
.
अब कंपनी की मशीनरी और कार्टूनों के बीच छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 6 क्विंटल गांजे को पकड़कर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में गांजा, वाहन, मोबाइल और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
600 किलो गांजा जब्त किया गया है जिसे ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय मार्गों और अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि लाल रंग की टाटा माजदा (MH-46 CU-6060) में कंपनी के सामान की आड़ में गांजा भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
मशीनरी के नीचे छिपा रखा था गांजा
सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक में वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
गाड़ी के ड्राइवर ने अपनी पहचान महबूब बादशाह शेख (65), निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे मशीनरी के बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे तथा पीछे 24 प्लास्टिक बोरियां मिलीं।
प्रत्येक बोरी में 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। इस तरह कुल 600 किलोग्राम (6 क्विंटल) गांजा बरामद किया गया।
ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही टाटा माजदा से बरामद हुआ 6 क्विंटल गांजा
ओडिशा से ठाणे तक था तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लेकर महाराष्ट्र के ठाणे जिले तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस का मानना है कि तस्करी के इस नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
तस्करों ने वाहन को काले रंग के त्रिपाल से ढंक रखा था, ताकि बाहर से देखने पर यह सामान्य मालवाहक वाहन लगे।
3.12 करोड़ की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये), टाटा माजदा वाहन (करीब 12 लाख रुपये), एक मोबाइल फोन (5 हजार रुपये) और 10 हजार रुपये नकद जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये आंका गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच थाना सिंघोड़ा पुलिस कर रही है।
लगातार बदल रहे हैं तस्करी के तरीके
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांजा तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश कर रहे हैं। हाल के महीनों में एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहन, मालवाहक ट्रक, कपड़ा फेरी वाहन, ट्रेवल्स बसों और गुप्त चैंबर वाले वाहनों का इस्तेमाल सामने आया है।
पहले भी हुई थीं बड़ी कार्रवाई
महासमुंद पुलिस ने इससे पहले 8 मई को एंबुलेंस से 77 किलोग्राम गांजा बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं 7 मई को एक पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त कर दो तस्करों को पकड़ा गया था। लगातार कार्रवाई के बीच अब 600 किलो गांजे की यह बरामदगी जिले की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
……………………
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
महासमुंद में 2 दिन में डेढ़ करोड़ का गांजा पकड़ाया:एबुंलेंस-पिकअप से तस्करी, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे, 7 अरेस्ट
महासमुंद पुलिस ने 2 दिनों में डेढ़ करोड़ का गांजा जब्त किया है।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शुक्रवार को पुलिस ने एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा जब्त किया है। इसके साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने पायलेटिंग कार और 5 मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त माल की कुल कीमत 50.45 लाख आंकी गई है। पढ़ें पूरी खबर….
<










