ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई: खरोरा पुलिस की भैंसा और भंडारपुरी में छापेमारी, 100 पौवा अवैध शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार – Tilda News
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा और भंडारपुरी गांवों में की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 100 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भैंसा और भंडारपुरी में कुछ लोग अवैध रूप से शराब का संग्रहण कर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए खरोरा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को तीन अलग-अलग आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब मिली। तीन आरोपियों के पास से मिली 100 पौवा शराब पुलिस के अनुसार, भंडारपुरी निवासी प्रेम सागर मनहरे (22) के कब्जे से 32 पौवा, दशरू राम धीवर (39) के पास से 35 पौवा और भैंसा निवासी विजय कुमार सेन (33) के पास से 33 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई। तीनों आरोपियों के पास से जब्त कुल शराब की मात्रा लगभग 18 लीटर है। दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से शराब रखने और परिवहन करने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैधानिक कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में खरोरा थाना पुलिस ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। न्यायालय में किया गया पेश गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link












