बालोद में शराब लेने आए युवकों से लूटपाट: विरोध करने पर चाकू से हमला; एक गंभीर, रायपुर रेफर; तीन संदिग्ध हिरासत में – Balod News
बालोद शहर के गंजपारा क्षेत्र में शराब लेने पहुंचे दो युवकों के साथ लूटपाट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम घुमका निवासी 20 वर्षीय जय प्रकाश साहू और गज्जू साहू शराब लेने गंजपारा स्थित शराब दुकान पहुंचे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनके पास से शराब, नकदी और मोबाइल लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने जय प्रकाश साहू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक के पीठ, पेट, सिर, कमर, गला और उंगली सहित शरीर के आठ से अधिक स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। मामले में बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही है। फिलहाल तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
<











