गेवरा कोयला खदान में लोडर-मालगाड़ी टकराई: ड्राइवर की मौके पर मौत, टक्कर से मालगाड़ी का पहिया पटरी से उतरा, रेलवे परिवहन प्रभावित – Korba News
कोरबा के गेवरा कोयला खदान में एक बड़ा हादसा हो गया है। एसईसीएल की मेगा गेवरा परियोजना के रेलवे साइडिंग क्षेत्र में एक लोडर मालगाड़ी से टकरा गया, जिससे लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के कारण कोयला परिवहन भी प्रभावित हुआ है।
.
यह हादसा सुबह लगभग 9 बजे हुआ, जब निजी कंपनी का एक लोडर चालक मालगाड़ी के डिब्बों में कोयला भर रहा था। बताया जा रहा है कि लोडर चालक वाहन को पीछे करते समय अनजाने में रेलवे लाइन के बहुत करीब चला गया। इसी दौरान ट्रेन के अचानक चलने से लोडर उससे टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
मध्य प्रदेश का है मृतक ड्राइवर
मृतक चालक की पहचान जमुना विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के सीधी जिले का निवासी था और कोरबा में किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। मामले की जांच जारी है।
टक्कर से मालगाड़ी का पहिया पटरी उतरा
टक्कर के कारण मालगाड़ी का एक पहिया पटरी से उतर गया, जिससे रेलवे प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
हादसे के बाद उस ट्रैक पर कोयला परिवहन लगभग तीन से चार घंटे तक बाधित रहा। रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पटरी से उतरे मालगाड़ी के पहियों को वापस लाइन पर लाने का काम शुरू किया, जिसके बाद परिवहन बहाल हो सका।
<












