शिक्षक से माओवादी बना जीवन, अब फिर से पत्नी के साथ 20 साल बाद मुख्यधारा में लौटा
राजनांदगांव क्षेत्र में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के एक माओवादी दंपति ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन्होंने 2000 में अपनी शिक्षक की नौकरी छोड़कर माओवादी विचारधारा को चुना था, वहीं अब एक बार फिर यह दंपति समाज की मुख्य धारा में लौट आया है।
By Roman Tiwari
Publish Date: Wed, 18 Jun 2025 04:45:32 PM (IST)
Updated Date: Wed, 18 Jun 2025 04:45:32 PM (IST)
HighLights
- माओवादी दंपति ने किया आत्मसमर्पण
- 20 साल पहले शिक्षक की नौकर छोड़ा था
- पत्नी के साथ समाज की मुख्यधारा में लौटा
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में माओवादी संगठन से जुड़े एक बड़े दंपत्ति ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर सुरक्षा बलों को एक अहम सफलता दिलाई है। आत्मसमर्पण करने वालों में माओवादी डिविजनल कमेटी सदस्य (डीवीसी) जीवन और उसकी पत्नी एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) अगाशा शामिल हैं। दोनों बीते करीब दो दशकों से माओवादी संगठन में सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।
जीवन की कहानी बेहद चौंकाने वाली है। कभी वह परवीडीह गांव के शासकीय स्कूल में बतौर शिक्षाकर्मी बच्चों को पढ़ाता था। लेकिन वर्ष 2000 के आसपास उसने नौकरी छोड़ दी और माओवादी विचारधारा को अपनाते हुए संगठन में शामिल हो गया। माओवादी संगठन में भी उसने शिक्षक की भूमिका ही निभाई। वह उत्तर ब्यूरो की मोबाइल पालिटिकल स्कूल टीम का हिस्सा बना और नक्सली कैडरों को वैचारिक प्रशिक्षण देने लगा।
यह भी पढ़ें: Maoist Encounter: सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, डेढ़ करोड़ के इनामी शीर्ष तीन माओवादी ढेर
जीवन की पत्नी अगाशा मानपुर क्षेत्र की निवासी है और नक्सल संगठन की सांस्कृतिक शाखा सीएनएम (कल्चर एंड न्यूज मूवमेंट) की एरिया कमेटी सदस्य के रूप में काम कर रही थी। यह दंपत्ति माड़ डिवीजन और रावघाट एरिया कमेटी के अधीन लंबे समय से सक्रिय था।
राजनांदगांव रेंज के आइजी अभिषेक शांडिल्य जानकारी दी कि इन दोनों के आत्मसमर्पण से संगठन की सांगठनिक शक्ति को गहरी चोट पहुंचेगी। उन्होंने इसे सुरक्षा एजेंसियों की मनोवैज्ञानिक जीत बताया और कहा कि यह कदम अन्य माओवादियों को भी आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित कर सकता है। वर्षों तक बंदूक और विचारधारा का बोझ ढोने के बाद, अब जीवन और अगाशा ने शांति और पुनर्वास की राह चुनी है। यह बदलाव क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
Source link











