विस्फोटक ब्लास्ट में शहीद जवानों को अंतिम विदाई दी – Bastar News
भास्कर न्यूज | नारायणपुर कांकेर सीमा से लगे अबूझमाड़ के मरकाबेड़ा जंगलों में नक्सली डंप बरामदगी के दौरान हुए विस्फोट में शहीद हुए तीन जवानों को पुलिस लाइन में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, कलेक्टर नम्रता जैन और एसपी निखिल राखेजा सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को अंतिम सलामी दी। श्रद्धांजलि सभा के बाद शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम के लिए रवाना किया गया। शहीदों में बीजापुर निवासी निरीक्षक सुखराम वट्टी, कांकेर के आरक्षक कृष्ण कुमार और संजय गढ़पाले शामिल हैं। वहीं, एक अन्य शहीद परमानंद कोर्राम का पार्थिव शरीर रायपुर से कांकेर लाया जाएगा। आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद अब अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में छिपे नक्सली ठिकानों और डंप को नष्ट करने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी सर्च ऑपरेशन के दौरान डंप रिकवरी करते समय अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें जवानों ने अपनी जान गंवा दी। आईजी ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सल उन्मूलन अभियान पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा। इस दुखद घटना के बाद पूरे बस्तर अंचल में शोक की लहर है और आम नागरिकों ने भी वीर सपूतों को नम आंखों से विदाई दी।
Source link













