जमीन रजिस्ट्री करने छुट्टी के दिन भी खुलेंगे दफ्तर – janjgir champa News
भास्कर न्यूज | जांजगीर वित्तीय वर्ष 2025-26 खत्म होने में अब केवल 11 दिन बचे हैं। सुविधा और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए फैसला किया है कि मार्च के अंतिम दिनों में शासकीय अवकाश पर भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे। निर्देश के अनुसार 22 मार्च (चौथा रविवार), 28 मार्च (अंतिम शनिवार), 29 मार्च (अंतिम रविवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को भी पंजीयन कार्यालयों में सामान्य दिनों की तरह काम होगा। इन दिनों रजिस्ट्री, दस्तावेज पंजीयन और अन्य सभी कार्य किए जाएंगे। शुल्क जमा कराने में परेशानी न हो, इसके लिए 31 मार्च तक शासकीय लेन-देन जारी रखने बैंकों को भी खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जिला पंजीयक, कोषालय अधिकारी और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से लोगों को राहत मिलेगी और वित्तीय वर्ष के अंत तक राजस्व वसूली बेहतर होगी।
<










