विज्ञापन दें / सहयोग करें

Korba News: 25 लोगों से भरी तेज रफ्तार पिकअप नहर में गिरी, दो बच्चे सहित पांच लापता; चालक गिरफ्तार

सक्ती जिले से मुकुंदपुर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप मड़वारानी जर्वे के पास पलटकर नहर में गिर गई। हादसे में दो बच्चे और तीन महिलाएं नहर में बह गए, जबकि पांच लोग किसी तरह बच निकले।

By Anurag Mishra

Publish Date: Sun, 13 Apr 2025 03:49:31 PM (IST)

Updated Date: Sun, 13 Apr 2025 07:51:22 PM (IST)

कोरबा में बड़ा हादसा। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)

HighLights

  1. पिकअप नहर में गिरने से बड़ा हादसा।
  2. चालक हादसे के बाद फरार हो गया।
  3. सभी यात्री रेडा से मुकुंदपुर जा रहे थे।

नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। छत्तीसगढ़ के सक्थी जिले में रविवार को एक दिल दहलाने वाला हादसा सामने आया। यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए एक मालवाहक पिकअप वाहन में 25 ग्रामीणों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, जो छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तेज रफ्तार और ओवरलोड के कारण वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा।

रबी फसल के लिए नहर में पानी छोड़े जाने से तेज बहाव था, जिसमें दो बच्चों और तीन महिलाओं सहित पांच लोग लापता हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर बाकी लोगों को बचाया, लेकिन लापता लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ हादसा?

  • सक्थी जिले के ग्राम रेड़ा से रविवार को मालवाहक पिकअप में सवार होकर ग्रामीण कोरबा जिले के मड़वारानी के पास ग्राम खरहरी जा रहे थे। चालक प्रहलाद दास महंत दांयी तट नहर मार्ग से कोरबा की ओर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था।
  • बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। ग्राम मुकुंदपुर के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया। पिकअप नहर में जा गिरी। ओवरलोड वाहन में ग्रामीणों को असुरक्षित तरीके से ठूंस कर भरा गया था, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।

लापता लोगों की तलाश जारी

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने नहर में कूदकर कई लोगों को बचाया। संतोषी बाई (35), जवलबाई (55), गणेशी बाई यादव (50), ममता बाई कंवर (26), मेमबाई कंवर (45), हरिमति साहू (65), दयामति (50), सुशीला कंवर (55), हरभजन कंवर (20), आकाश सिंह कंवर (14), विकास सिंह कंवर (13), तिलेश्वर कंवर (8), विद्या कंवर (18), नरेंद्र (11), प्रताप कंवर (21), हरीश कंवर, अरविंद यादव, रागिनी कंवर और दीपका कंवर को सुरक्षित निकाला गया।

हालांकि, इतवार बाई कंवर (60), मानमति कंवर (70), जाम बाई कंवर (70), तान्या साहू (7) और नमन कंवर (2) तेज बहाव में बह गए और लापता हैं। गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

  • घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हादसे के बाद चालक प्रहलाद दास फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
  • जेसीबी की मदद से पिकअप को नहर से बाहर निकाला गया और वाहन को जब्त कर थाने में रखा गया है। वाहन रेड़ा गांव के एक निवासी का है, जिसे 19 वर्षीय प्रहलाद चला रहा था।

नहर में तेज बहाव ने बढ़ाई मुश्किल

रबी फसल के लिए नहर में पानी छोड़ा गया था, जिसके कारण तेज बहाव ने बचाव कार्य को और जटिल बना दिया। ग्रामीणों ने तुरंत मदद शुरू की, लेकिन लापता लोगों को ढूंढने में गोताखोरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे ने रेड़ा गांव में मातम छा दिया है।

यातायात नियमों की अनदेखी का नतीजा

  • मालवाहक वाहनों में लोगों को ले जाना ग्रामीण इलाकों में आम बात है। शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में ऐसे वाहनों का उपयोग बेरोकटोक होता है। यातायात नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
  • पुलिस केवल बड़े हादसों के बाद सक्रिय होती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही लापरवाही शुरू हो जाती है। इस हादसे ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सख्ती की जरूरत को उजागर किया है।

Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button