विज्ञापन दें / सहयोग करें

किसानों के लिए सिरदर्द बनी धान खरीदी प्रक्रिया: पंजीयन और टोकन को लेकर हो रही समस्याएं, वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद परेशान हैं किसान – Raipur News

15 नवंबर से धान खरीदी, सिस्टम की समस्या ने बढ़ाई किसानों की चिंता

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो रही है। लेकिन पंजीकरण और टोकन लेने में समस्याओं के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। सरकार इस बार 25 लाख से ज्यादा किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी।

.

टोकन और पंजीयन में दिक्कतें

कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल की वजह से पंजीयन की प्रक्रिया प्रभावित हुई। सरकार ने पंजीयन को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था की, लेकिन दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर जैसे बड़े जिलों में अभी भी कई किसान टोकन नहीं कटने और पंजीयन को लेकर परेशान हैं।

टोकन तुंहर हाथ’ ऐप बंद होने से किसानों को हो रही है परेशानी

पंजीयन और टोकन दोनों में दिक्कत

धान बेचने के लिए किसानों को पहले एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन करना होता है और फिर ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप से टोकन लेना होता है। लेकिन इस वक्त दोनों ही सिस्टम ठप हैं। किसानों का कहना है कि लॉगइन करने पर ऐप में लिखा आ रहा है- ‘टोकन पंजीयन फिलहाल बंद है।’

दैनिक भास्कर से किसानों ने बताई अपनी समस्या

दुर्ग के किसान नागेंद्र चंद्राकर ने दैनिक भास्कर को बताया कि उनकी 13–14 एकड़ खेती है, जिसमें आधी फसल कट चुकी है और आधी बाकी है। धान बेचने में सबसे बड़ी दिक्कत हड़ताल की वजह से आ रही है। इसके अलावा ऑनलाइन प्रक्रिया भी ठीक से काम नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन करते समय सर्वर कनेक्ट नहीं हो रहा। अगर सर्वर चल भी जाए तो ओटीपी नहीं आता, और ओटीपी आ जाए तो आगे की प्रक्रिया नहीं होती। सर्वर बार-बार डिले दिखाता है।

नागेंद्र ने बताया कि उन्हें गुरुवार को पता चला कि ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है, लेकिन दो घंटे कोशिश करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो पाई। आज भी कुछ नहीं हो सका।

दुर्ग के किसान नागेंद्र चंद्राकर

टोकन कटने की प्रक्रिया जटिल

रायपुर के किसान पारसनाथ साहू ने बताया कि उनके गांव के ज्यादातर किसानों का पंजीयन अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि इस साल धान खरीदी आसानी से नहीं हो पाएगी। एग्रीस्टेक में पंजीयन नहीं हुआ है। दिल्ली से ऐप बंद कर दिया गया है और टोकन नहीं कट रहे हैं। टोकन कटने की प्रक्रिया भी जटिल बना दी गई है।

उन्होंने सरकार से कहा कि धान खरीदी ठीक से चलाने के लिए कर्मचारियों की मांग माननी चाहिए, नहीं तो सभी किसानों को परेशानी होगी। सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

रायपुर के किसान पारसनाथ साहू

वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद परेशान किसान

कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के कारण सरकार ने पंजीयन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। फिर भी तकनीकी दिक्कतें बनी हुई हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि जल्द ही सब कुछ सामान्य हो जाएगा, लेकिन किसानों को अभी तक राहत नहीं मिली है।

धान खरीदी के केंद्र और पंजीयन आंकड़े

इस साल राज्यभर में 2,739 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जहां से किसानों से धान खरीदी की जाएगी। यह प्रक्रिया 15 नवंबर से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। एक एकड़ खेत से अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की जाएगी।

बड़े जिलों में किसान पंजीयन और उपार्जन केंद्रों की स्थिति

– रायपुर जिले में कुल 1,34,037 किसान पंजीकृत हैं और 1,26,921 हेक्टेयर में धान की खेती हुई है। जिले में 139 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने अवैध धान ले जाने से रोकने के लिए 5 चेक पोस्ट भी स्थापित किए हैं।

– दुर्ग जिले में कुल 1,12,446 किसान पंजीकृत हैं। जिले में 87 समितियां और 102 उपार्जन केंद्र हैं। अब तक 61 टोकन जारी किए गए हैं, लेकिन कई किसान अभी भी इस प्रक्रिया को लेकर परेशान हैं।

– बिलासपुर में 1,12,252 किसानों का पंजीयन हो चुका है और 140 उपार्जन केंद्र तैयार किए गए हैं। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि शनिवार-रविवार की छुट्टियों के कारण धान खरीदी सोमवार से शुरू होगी। सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कलेक्टर ने अन्य विभागों के कर्मचारियों को काम सौंपा है।

– बस्तर जिले में कुल 48 हजार से ज्यादा किसान पंजीकृत हैं। धान खरीदी के 79 केंद्रों के लिए ऑपरेटरों की व्यवस्था एक निजी एजेंसी कर रही है, जो टेंडर के आधार पर 79 ऑपरेटर नियुक्त कर रही है।

– रायगढ़ जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो रही है। जिले की 69 समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों से 15 नवंबर से 31 जनवरी तक किसानों से नगद और लिंकिंग दोनों तरीके से धान खरीदा जाएगा। जिले में अब तक करीब 81,500 किसानों का पंजीकरण हो चुका है।

– सरगुजा जिले में 15 नवंबर से 54 केंद्रों पर धान खरीदी शुरू होगी। 13 नवंबर को इन केंद्रों में ट्रायल रन किया गया। समितियों के प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर होने की वजह से प्रशासन ने सभी 54 केंद्रों के लिए नए धान खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त किए हैं।

हर केंद्र में मापक यंत्र, तौल कांटा, बारदाने, कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इस साल सरगुजा जिले का धान खरीदी लक्ष्य 39,02,190 क्विंटल है।

धान बेचने वाले किसानों के लिए ‘तुंहर टोकन’ एप लॉन्च किया गया है, लेकिन किसानों का कहना है कि नया एप ठीक से काम नहीं कर रहा। खाद्य विभाग के अनुसार एग्री स्टेट में 90% किसानों का पंजीकरण हो चुका है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में कुछ दिक्कतों की वजह से धान पंजीयन में परेशानी हो रही है। सरगुजा में अब तक 92% किसानों ने धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

जिला खाद्य अधिकारी विष्णु नारायण शुक्ला

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 14 समितियां और 25 उपार्जन केंद्र

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 14 समितियां और 25 उपार्जन केंद्र हैं। सभी जगह 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। जिला खाद्य अधिकारी विष्णु नारायण शुक्ला ने बताया कि सभी केंद्रों में पंजीयन चल रहा है। ऑपरेटरों की हड़ताल को देखते हुए अस्थायी कर्मचारियों को लगाया गया है और अब तक 18,627 किसानों का पंजीयन हो चुका है।

नया लॉन्च हुआ ऐप भी नहीं कर रहा काम

सरकार ने ‘तुंहर टोकन’ नाम से एक नया ऐप लॉन्च किया है, लेकिन इस ऐप में भी किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कहीं टोकन प्राप्त करने में घंटों का समय लग रहा है, तो कहीं ऐप बिल्कुल काम नहीं कर रहा।

…………………………………….

इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें

धान बेचने के लिए टोकन नहीं काट पा रहे किसान:‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप ठप, कंप्यूटर ऑपरेटर्स हड़ताल पर; पंजीयन और खरीदी दोनों अटके

‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप बंद होने से नहीं हो रहा किसानों का पंजीयन

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है, लेकिन ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप बंद होने और कंप्यूटर ऑपरेटर्स के हड़ताल पर जाने की वजह से न तो किसानों का पंजीयन हो पा रहा है, न ही टोकन कट रहा है। पढ़ें पूरी खबर…


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button