पत्रकार पर मंडी टैक्स चोरी उजागर करने पर हमला: गौरेला में व्यापारी ने पत्रकार और परिवार से मारपीट की,पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस – Gaurela News
गौरेला में मंडी टैक्स चोरी के कथित मामले को उजागर करने वाले स्थानीय पत्रकार विपिन जैन और उनके परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि चिरौंजी व्यापारी और उसके परिजनों ने शिकायत से नाराज होकर पत्रकार को रास्ते में रोककर मारपीट की। घटना के बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां भी विवाद और हाथापाई होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के बाद व्यापारी पक्ष नाराज था जानकारी के अनुसार, पत्रकार विपिन जैन ने सूर्या ट्रेडिंग कंपनी के संचालक सुबोध जैन के खिलाफ बिना वैध दस्तावेजों के चिरौंजी परिवहन और मंडी टैक्स चोरी की शिकायत मंडी अधिकारियों से की थी। शिकायत के बाद व्यापारी पक्ष नाराज हो गया। रास्ते में रोककर मारपीट का आरोप बताया गया है कि एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे पत्रकार विपिन जैन को रास्ते में रोक लिया गया। आरोप है कि सुबोध जैन, ललित जैन, सुकांत जैन, सलभ जैन, शौर्य जैन और अग्रिम जैन ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। पत्रकार ने किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचकर मदद मांगी। थाने के भीतर भी विवाद पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष थाने पहुंच गया और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी दुर्व्यवहार और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पत्रकार और उनके परिजनों में आक्रोश है। मंडी अधिकारियों की भूमिका पर सवाल मामले में मंडी अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप लगाया गया है कि शिकायतकर्ता की पहचान और शिकायत की जानकारी संबंधित व्यापारी तक पहुंचाई गई, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। हालांकि इस संबंध में मंडी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दोनों पक्षों पर दर्ज हुआ काउंटर केस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों के खिलाफ नामजद काउंटर मामला दर्ज किया है। व्यापारी पक्ष की शिकायत पर पत्रकार विपिन जैन, विवेक जैन, विमल जैन, नीरज जैन और विनीत जैन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। उपलब्ध सबूतों, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
<












