बस्तर के बच्चों में वैज्ञानिक सोच देख ISRO के एक्सपर्ट गदगद
भास्कर न्यूज| दंतेवाड़ा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ जिला विज्ञान केंद्र पहुंचे। टीम ने यहां चल रही वैज्ञानिक, शैक्षणिक गतिविधियों को देखा। टीम ने स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी का निरीक्षण किया। अन्य ज्ञान-दीर्घाएं देखीं। वर्किंग मॉडल्स देखे। विद्यार्थियों के लिए चल रही करके सीखें गतिविधियां भी देखीं। वैज्ञानिकों ने सुदूर जनजातीय अंचल के बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। इसे प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने केंद्र प्रमुख उपेंद्र गौतम, उनकी टीम के काम की भी प्रशंसा की। वैज्ञानिकों ने कहा कि विज्ञान केंद्र बच्चों को प्रयोगात्मक, व्यावहारिक विज्ञान से जोड़ रहा है। इसरो टीम ने नियमित शैक्षणिक भ्रमण को प्रभावी पहल बताया। कबाड़ से जुगाड़ विज्ञान गतिविधियों की तारीफ की। खगोल विज्ञान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन को भी उपयोगी बताया। वैज्ञानिकों ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक जिज्ञासा बढ़ाती हैं। भविष्य में विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो वैज्ञानिकों का आभार जताया। वैज्ञानिकों के आने से विज्ञान केंद्र में उत्साह दिखा। जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल रहा।












