विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ में मिशन कर्मयोगी को लेकर ऐतिहासिक पहल, मुख्यमंत्री साय बोले – “राष्ट्र निर्माण का संकल्प”

रायपुर / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आज नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में भारत सरकार की क्षमता विकास आयोग और छत्तीसगढ़ शासन के बीच मिशन कर्मयोगी के तहत एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते पर छत्तीसगढ़ शासन की ओर से अपर मुख्य सचिव और प्रशासन अकादमी के महानिदेशक सुब्रत साहू तथा आयोग की ओर से सदस्य सचिव वी. ललिता लक्ष्मी ने हस्ताक्षर किए।

मुख्यमंत्री साय ने मिशन कर्मयोगी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी प्रयास बताते हुए कहा कि यह पहल शासन व्यवस्था में उत्कृष्टता लाने और कर्मचारियों को कर्मयोगी भावना से ओतप्रोत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत राज्य के चार लाख शासकीय सेवकों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें से 50 हजार अधिकारी-कर्मचारी अब तक प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक और राष्ट्रीय परिदृश्य में कौशल विकास की अनिवार्यता बढ़ गई है। ऐसे में यह एमओयू राज्य में सुशासन को नई ऊँचाइयाँ देगा और प्रशासन को नागरिकों के प्रति अधिक उत्तरदायी बनाएगा। उन्होंने इस पहल को विकसित और संवेदनशील छत्तीसगढ़ की ओर एक मजबूत कदम बताया।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, मिशन कर्मयोगी के सीईओ राकेश वर्मा, प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह समझौता न केवल शासन-प्रशासन के क्षेत्र में सुधार का वाहक बनेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को जन केंद्रित और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में और मजबूत बनाएगा।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button