महारानी अस्पताल में बनेगा हीमोडायलिसिस-पैलिएटिव केयर और कैंसर क्लिनिक: जगदलपुर में सड़कों की भी होगी मरम्मत, 22.67 करोड़ रुपए के विकास-कार्यों का हुआ भूमिपूजन – Jagdalpur News
जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में 22.67 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली अलग-अलग परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं का फोकस शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रहा।
.
स्वास्थ्य क्षेत्र में सबसे बड़ी पहल महारानी अस्पताल परिसर में देखने को मिलेगी। यहां 4.62 करोड़ रुपए की लागत से हीमोडायलिसिस, पैलिएटिव केयर और कैंसर क्लिनिक के लिए नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसके साथ ही 4.30 करोड़ रुपए की लागत से एमआरडी (मेडिकल रिकॉर्ड) भवन का निर्माण भी होगा, जिससे अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी।
उप संचालक उद्यान भवन का लोकार्पण
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत माड़िया चौक से बोधघाट थाना तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम शुरू किया गया है। इस पर 4.99 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा 7.95 करोड़ रुपए की लागत से दो नए वित्त कार्यालय भवन बनाए जाएंगे, जबकि 80 लाख रुपए की लागत से बने उप संचालक उद्यान भवन का लोकार्पण भी किया गया।
बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने का उदेश्य
कार्यक्रम में कहा गया कि बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में भी शहर के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह की योजनाएं जारी रहेंगी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधि संस्थाओं के सदस्यों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
<











