विज्ञापन दें / सहयोग करें

पारिवारिक विवाद में पोते ने की दादी की हत्या, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

जशपुर। चौकी दोकड़ा क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद के चलते पोते ने अपनी दादी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना का विवरण

मामला जशपुर जिले के चौकी दोकड़ा क्षेत्र का है। घटना दिनांक 07/05/2025 की है, जब ग्राम चोंगरिबहार, तितरमारा बैगाटोली निवासी सोनसाय राम (उम्र 22 वर्ष) ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी दादी मोदी बाई (उम्र 75 वर्ष) को लकड़ी के पीढ़ा से सिर पर वार कर घायल कर दिया। घटना के बाद मृतका के पुत्र भगत राम ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।

ऐसे हुई वारदात

प्रार्थी भगत राम ने बताया कि घटना के दिन सोनसाय राम ने पहले अपनी दादी को धक्का दिया, जिससे वह दरवाजे के चौखट से टकराकर जमीन पर गिर गई। गिरने के बाद सोनसाय ने लकड़ी के पीढ़ा से सिर पर दो-तीन बार प्रहार किया। गंभीर चोट के चलते मोदी बाई की मृत्यु अगले दिन सुबह हो गई।

पुलिस की कार्यवाही

घटना के संदिग्ध होने पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर ने रिपोर्ट में बताया कि सिर पर भोथरी वस्तु से प्रहार और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने से मृत्यु हुई है।

आरोपी सोनसाय राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने कबूल किया कि छह महीने पहले उसने एक युवती को बिना विवाह के घर में पत्नी बनाकर रखा था, जिससे दादी मोदी बाई और सोनसाय के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन इसी विवाद के चलते सोनसाय ने गुस्से में आकर दादी पर हमला कर दिया।

हत्या में प्रयुक्त वस्तु जप्त

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का पीढ़ा आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है। आरोपी के अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम का योगदान

चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक यादव, प्रधान आरक्षक संजय राम नागवंशी, आरक्षक प्रकाश मिंज और आरक्षक कुलकान्त हंसरा ने मामले की त्वरित जांच में सराहनीय भूमिका निभाई।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button