विज्ञापन दें / सहयोग करें

जनता और नगर पंचायत की मेहनत से घरघोड़ा ने रचा स्वच्छता का इतिहास

मुख्यमंत्री के हाथों मिला 3 स्टार सिटी अवॉर्ड, राष्ट्रीय रैंकिंग में 8वां स्थान

घरघोड़ा (गौरीशंकर गुप्ता)। स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयास का शानदार उदाहरण पेश करते हुए घरघोड़ा नगर पंचायत ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर नगर पंचायत श्रेणी में 8वां स्थान हासिल किया। लगातार तीसरे वर्ष 3 स्टार सिटी अवॉर्ड पाकर घरघोड़ा जिले का एकमात्र नगर बना जो टॉप-10 में शामिल हुआ। पूरे छत्तीसगढ़ के 192 निकायों में से केवल 18 शहरों को यह सम्मान मिला।

इस सफलता का श्रेय नगर की जागरूक जनता और स्वच्छता कर्मियों को जाता है। गीला-सूखा कचरा अलग करने की आदत, डोर-टू-डोर कचरा संग्रह, समय पर सफाई, मोहल्लों में स्वच्छता रैलियां और स्कूल कार्यक्रमों ने इस उपलब्धि की नींव रखी। सफाई कर्मियों ने सुबह 6 बजे से मुख्य बाजार और गलियों को स्वच्छ रखने में अहम योगदान दिया, जिससे गली-मोहल्लों में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति में कमी आई।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बिलासपुर में आयोजित स्वच्छता संगम में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने नगर पंचायत घरघोड़ा को अवॉर्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, सीएमओ दीपिका भगत, पीआईयू अमन गुप्ता, सफाई प्रभारी प्रकाश कुर्रे और सभी स्वच्छता दीदियां मौजूद थीं।

 

कोईअध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि यह प्रेरणादायक उपलब्धि जनता की जागरूकता और सफाई कर्मियों की निष्ठा का परिणाम है। उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि यह सम्मान हमारे लिए गर्व की बात है और हम आगे भी नगर को और स्वच्छ, सुंदर व हरा-भरा बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे। सीएमओ दीपिका भगत ने इसे जनता और कर्मियों की साझी जीत बताते हुए नागरिकों से नगर की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

घरघोड़ा की यह उपलब्धि साफ संदेश देती है कि जब प्रशासन, नागरिक और सफाई कर्मी एकजुट होकर काम करें, तो शहर केवल साफ ही नहीं, बल्कि प्रेरणास्रोत भी बन सकता है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button