धमतरी में कपड़ा दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग: बिजली पोल का तार टूटा, बड़ा हादसा टला; व्यापारियों ने बुझाई आग – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी में गोल बाजार स्थित एक कपड़ा दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। दुकान में रखा कुछ वेस्ट सामान जल गया। पड़ोस के व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान बिजली के तार भी टूट गए। व्यापारियों ने बिजली विभाग पर खराब मेंटेनेंस का आरोप लगाया है। यह घटना धमतरी शहर के गोल बाजार स्थित हरिओम वस्त्रालय में हुई। दुकान के मीटर से अचानक चिंगारियां निकलने लगी, जिसके बाद ग्राहकों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। जोरदार आवाज के साथ बिजली के पोल का तार टूट गया और हरिओम वस्त्रालय के मीटर में आग लग गई। मीटर के नीचे रखे वेस्ट सामान भी आग की चपेट में आ गए। हरिओम वस्त्रालय के संचालक भारत आहूजा ने बताया कि पहले खंभे से चिंगारी निकली और फिर दुकान के मीटर में आग लग गई। उन्होंने कहा कि पड़ोस के व्यापारियों ने आग बुझाने में मदद की। आहूजा ने आरोप लगाया कि सामने पोल पर लगे तार काफी जर्जर हैं, जिसके कारण यह शॉर्ट सर्किट हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यह आग रात में लगती तो दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो सकता था। चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजा रोहरा ने बताया कि सड़क पर गया एक हाई टेंशन तार टूटकर गिर गया और पोल में भी स्पार्किंग हुई। उन्होंने कहा कि आसपास के व्यापारियों ने रेत लाकर आग बुझाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रोहरा ने यह भी कहा कि गर्मी के दिनों में पावर लोड बढ़ने के कारण ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
<












