किसानों को समय पर मिले खाद: बगीचा ब्लॉक में कृषि विभाग की सख्त निगरानी, छापेमारी में सब कुछ सही पाया गया
बगीचा। (योगेश यादव) किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाज़ारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। बगीचा विकासखंड के 43 खाद विक्रेताओं को इस वर्ष यूरिया और अन्य रासायनिक खाद वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में रविवार को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लाल साय केरकेट्टा के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने अचानक छापामारी कर दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर और भंडारण का मिलान किया। राहत की बात यह रही कि किसी भी दुकान में निर्धारित मात्रा से अधिक खाद का भंडारण नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय उपस्थित किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी विक्रेता के यहां अनियमितता या कालाबाज़ारी पाई जाती है, तो उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 सहित कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अग्रिम भंडारण से किसानों को राहत
कृषि विभाग ने किसानों को समय पर खाद मिले, इसके लिए अग्रिम भंडारण की व्यवस्था भी की है।
- कुर्रोग समिति : 641.97 मीट्रिक टन
- पंड्रापाठ समिति : 342.45 मीट्रिक टन
- बगीचा समिति : 541.305 मीट्रिक टन
- विमाड़ा समिति : 252 मीट्रिक टन
- सन्ना समिति : 242.685 मीट्रिक टन
इस तरह तहसील क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में खाद का आवंटन सुनिश्चित किया गया है।
विभाग का दावा
कृषि विभाग का कहना है कि इस वर्ष किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। पर्याप्त मात्रा में यूरिया और अन्य रासायनिक खाद उपलब्ध है। समय पर वितरण होने से न तो फसल प्रभावित होगी और न ही किसानों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा।












