तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में EOW की कार्रवाई: 4 वनकर्मी और 7 प्राथमिक वनोपज समिति प्रबंधक गिरफ्तार, अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं – Raipur News
तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्राथमिक लघु वनोपज समितियों के प्रबंधक शामिल हैं।
.
इस मामले में पूर्व में सुकमा के तत्कालीन डीएफओ अशोक कुमार पटेल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। EOW की जांच में सामने आया है कि अशोक ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वन विभाग के अन्य अधिकारियों और समिति प्रबंधकों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। संग्राहकों को मिलने वाला बोनस इन तक पहुंचाने के बजाय वह राशि अपने और निजी व्यक्तियों के काम में खर्च कर दी गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
इस मामले में EOW की टीम ने 4 वनकर्मी चैतूराम बघेल, देवनाथ भारद्वाज, पोड़ियामी हिडमा (इडिमा), मनीष कुमार बारसे (वनरक्षक) और 7 समिति प्रबंधक पायम सत्यनारायण उर्फ शत्रु, मो. शरीफ, सी एच रमना (चिट्टी), सुनील नुप्पो, रवि कुमार गुप्ता, आयतू कोरसा और मनोज कवासी को गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ EOW ने IPC की धारा 409, 120बी के तहत अपराध क्रमांक 26/2025 में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
अब तक की कार्रवाई:
17 अप्रैल 2025 को तत्कालीन डीएफओ अशोक पटेल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनसे पूछताछ में हुए खुलासे के आधार पर ये कार्रवाई की गई है। इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं EOW की जांच जारी है।
तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में निलंबित DFO को EOW ने गिरफ्तार किया ये न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद है ।
क्या है पूरा मामला
सुकमा के वन विभाग अधिकारी अशोक कुमार पटेल और उनके साथियों पर तेंदूपत्ता तोड़ने वाले मजदूरों के बोनस में बड़ा घोटाला करने का आरोप है। यह घोटाला वर्ष 2021 और 2022 के तेंदूपत्ता सीजन से जुड़ा है, जिसमें करीब 7 करोड़ रुपए की राशि संग्राहकों को दी जानी थी। अधिकारियों ने आपसी साठगांठ कर बड़ी रकम खुद रख ली और संग्राहकों तक पैसा नहीं पहुंचा।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस राशि का कुछ हिस्सा पूर्व विधायक मनीष कुंजाम और कुछ पत्रकारों को भी दिया गया था।
इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (EOW/ACB) ने अशोक कुमार पटेल और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया। 8 अप्रैल 2025 को एफआईआर दर्ज होने के बाद 10 अप्रैल को छापेमार कार्रवाई की गई है।
Source link













