कोंडागांव में रोजगार-आवास दिवस का आयोजन: पीएम आवास योजना के मकान 90 दिन में पूरे करने पर जोर – Kondagaon News
कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायतों में 8 अप्रैल 2026 को ‘चावल महोत्सव’ के अवसर पर रोजगार दिवस और आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास को गति देना, रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत मकानों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने हितग्राहियों को मिली किस्तों की जानकारी दी और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। ग्रामीणों को सभी स्वीकृत आवासों को अधिकतम 90 दिनों के भीतर पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली से जानकारी की सुविधा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जागरूकता के लिए तकनीकी नवाचारों को भी बढ़ावा दिया गया। क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन प्रणाली के माध्यम से योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अमृत सरोवरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर क्यूआर कोड स्थापित कर ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त, नवीन जल संरचनाओं के लिए CLART ऐप के उपयोग की जानकारी और प्रशिक्षण भी दिया गया। इसका उद्देश्य उपयुक्त स्थल का चयन कर जल भराव सुनिश्चित करना है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और मांग के अनुरूप नए कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। ‘मोर-गांव-मोर-पानी’ महाअभियान के अंतर्गत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नए तालाब निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही, आजीविका डबरी के माध्यम से आय वृद्धि के उपायों पर भी चर्चा की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक माह की 7 तारीख को अनिवार्य रूप से ‘रोजगार दिवस’ और ‘आवास दिवस’ का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
<













