जशपुर में पांच पुलिसकर्मी निलंबित, मुल्जिम फरारी पर एसएसपी की कड़ी कार्रवाई
जशपुर, जिले में पुलिस विभाग की ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही के मामले में पांच पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने ड्यूटी के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से इन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। सस्पेंशन की अवधि में उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा।
⬛ घटना का विवरण
दिनांक 2 जून को जिला जेल जशपुर में निरुद्ध आरोपी रितेश प्रताप सिंह, पिता संजीव सिंह राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी डुगडुगिया (कुनकुरी) को छह अन्य आरोपियों के साथ न्यायालय पेशी के लिए शासकीय वाहन द्वारा कुनकुरी कोर्ट ले जाया गया था।
रितेश प्रताप सिंह पर पहले भी एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और फिर मारपीट करने का आरोप है। उसी मामले में उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
लेकिन पेशी से लौटते समय, रात करीब 7:45 बजे, लोरो घाट के पास चलती गाड़ी से उसने हथकड़ी-जंजीर निकालकर छलांग लगा दी और पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो गया।
यह घटना ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है।
⬛ निलंबित पुलिसकर्मी
- प्रधान आरक्षक 97 सुनसाय एक्का
- आरक्षक 481 लव कुश पैंकरा
- आरक्षक 559 जनक साय
- आरक्षक 281 डायमंड तिग्गा
- आरक्षक 205 पुतूरु राम
इन सभी को एसएसपी द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र जशपुर में संबद्ध कर दिया गया है।
⬛ प्रारंभिक जांच का आदेश
निलंबन के साथ-साथ मामले की प्राथमिक जांच का जिम्मा एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को सौंपा गया है। विभागीय जांच की कार्रवाई भी जल्द शुरू की जाएगी।
⬛ SSP का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया,
“कुनकुरी से पेशी के बाद लौटते समय एक मुल्जिम पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पाँच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच कराई जाएगी और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
⬛ पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
फरार आरोपी रितेश प्रताप सिंह की तलाश जारी है। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। एसएसपी ने आम नागरिकों से भी आरोपी की जानकारी देने की अपील की है।












