एलायंस एयर की उड़ानों में लगातार तकनीकी खराबी, 15 दिनों में दो बड़े हादसे
बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से संचालित होने वाली एलायंस एयरलाइंस की उड़ानों में लगातार आ रही गंभीर तकनीकी खराबियों से यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। महज 15 दिनों के भीतर दो बड़े संभावित हादसों ने यात्रियों को दहला कर रख दिया है। बार-बार सामने आ रही इन खतरनाक लापरवाहियों से ऐसा लग रहा है कि यात्रियों को जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ताजा मामला 11 सितंबर 2026 का है, जब बिलासपुर एयरपोर्ट से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रहे एलायंस एयर के विमान का हवा में ही अचानक एक तरफ का इंजन पूरी तरह ठप पड़ गया। विमान में 54 यात्री सवार थे। लैंडिंग से ठीक 30 मिनट पहले हुए इस हादसे से विमान में हड़कंप मच गया।
हालांकि, पायलट की सूझबूझ और प्रयागराज एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की मुस्तैदी से बमरौली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
इससे पहले 28 अगस्त 2026 को भी दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I-613 की लैंडिंग के दौरान रनवे पर बायां टायर अचानक फट गया था। उस वक्त 37 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स सहित 41 जानें दांव पर लगी थीं।
उस दौरान भी पायलट ने सूझबूझ से अनियंत्रित होते विमान पर काबू पाया और आगे की उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।
गौरतलब है कि बिलासपुर एयरपोर्ट से संचालित एलायंस एयर की उड़ानों में महज 15 दिनों के भीतर ये दो बड़े संभावित हादसे सामने आए हैं। पहली घटना में रनवे पर टायर फटने और दूसरी घटना में हवा में इंजन ठप पड़ने जैसी गंभीर तकनीकी खराबियों ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
दोनों ही मामलों में पायलट की सूझबूझ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए। लेकिन लगातार सामने आ रही इन तकनीकी खराबियों ने एयरलाइंस की उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











