विज्ञापन दें / सहयोग करें

नागरिक आपूर्ति निगम बलरामपुर के जिला प्रबंधक 22 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर की टीम ने मंगलवार को नागरिक आपूर्ति निगम (नान) बलरामपुर के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते कार्यालय कक्ष में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उनके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर की टीम अभी बलरामपुर में कार्रवाई में जुटी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रार्थी शिवराज सिंह नागरिक आपूर्ति निगम में खाद्यान्न परिवहन का कार्य करते हैं। मां सर्वेश्वरी के नाम से उनका व्यवसाय है और वे नागरिक आपूर्ति निगम में परिवहनकर्ता के रूप में पंजीकृत हैं। इसके बावजूद परिवहन कार्यों के भुगतान के एवज में जिला प्रबंधक द्वारा उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी।

रिश्वत देने के बजाय शिवराज सिंह ने अंबिकापुर एसीबी से संपर्क किया। ब्यूरो की टीम ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। योजना के तहत मंगलवार को आवेदक शिवराज सिंह को 22 हजार रुपये लेकर बलरामपुर स्थित जिला कार्यालय भेजा गया।

जैसे ही जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने कक्ष में ही उन्हें रकम के साथ धर दबोचा। एसीबी की टीम अभी बलरामपुर में ही मौजूद है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button