पहली बारिश में डूबा जिला अस्पताल: चारों तरफ भरा पानी, राजनांदगांव में नालियां और बड़े नाले ब्लॉक – Rajnandgaon News
राजनांदगांव में मानसून की पहली मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। शहर के बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल परिसर एक बार फिर जलमग्न हो गया। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद अस्पताल टापू में तब्दील हो गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और डॉक्टरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सालों में जिला अस्पताल परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या को देखते हुए परिसर को ऊंचा उठाने और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया गया था। निगम और प्रशासन ने दावा किया था कि इन कार्यों के बाद अस्पताल परिसर में पानी नहीं भरेगा और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल परिसर तो ऊंचा कर दिया गया, लेकिन पानी की निकासी के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, अस्पताल चारों ओर से पानी से घिर गया और परिसर टापू जैसा नजर आने लगा। मरीजों और तीमारदारों की बढ़ी मुश्किलें अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आपातकालीन वार्ड तक जलभराव की स्थिति बनी रही। एम्बुलेंस से आने वाले गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर के जरिए पानी के बीच से ले जाना पड़ा। वहीं, दवाइयां और जरूरी सामान लेने बाहर जाने वाले मरीजों के परिजन गंदे और दूषित पानी से होकर गुजरने को मजबूर रहे। संक्रमण का भी बढ़ा खतरा अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में गंदे पानी का जमाव मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा बन गया है। जलभराव के कारण संक्रमण और जलजनित बीमारियों का जोखिम बढ़ गया है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन और नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। निरीक्षण के दौरान हर ओर दिखा जलभराव, जाम मिले नाले बारिश के बीच महापौर मधुसूदन यादव, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष पारस वर्मा सहित नगर निगम का पूरा अमला सुबह-सुबह शहर का निरीक्षण करने निकला। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जलभराव मिला, जबकि नालियां और बड़े नाले जाम पाए गए। जेसीबी से आनन-फानन में खुदवाई गई कच्ची नाली जलभराव की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने सड़क पर उतरकर जेसीबी की मदद से तत्काल कच्ची नाली खुदवाकर पानी की निकासी का प्रयास किया। इससे साफ संकेत मिला कि नगर निगम के पास जलभराव से निपटने के लिए कोई स्थायी मास्टर प्लान नहीं है।
<










