धमतरी हाईटेक बस स्टैंड का नाम राजमाता अहिल्याबाई होलकर हो: मराठा समाज ने महापौर को सौंपा ज्ञापन, जीर्णोद्धार कार्यों का दिया हवाला – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 18 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर खुशी का माहौल है। निर्माण कार्य शुरू होते ही अब इसके नामकरण को लेकर विभिन्न समाज संगठनों से प्रस्ताव आने लगे हैं। इसी क्रम में बुधवार को मराठा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने धमतरी नगर निगम के महापौर से मुलाकात की। उन्होंने महापौर को ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड का नाम राजमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखने की मांग की। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर ने समाज सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसलिए उनके नाम पर बस स्टैंड का नामकरण किया जाना चाहिए। महापौर बोले- शासन को भेजेंगे प्रस्ताव महापौर ने इस संबंध में स्पष्ट किया कि बस स्टैंड के नामकरण का निर्णय राज्य शासन स्तर का विषय है। नगर निगम द्वारा इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। मराठा समाज के अध्यक्ष दीपक लौंढे ने बताया कि उन्होंने महापौर से नवनिर्मित हाईटेक बस स्टैंड का नाम रानी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर ने धर्म और समाज सेवा के क्षेत्र में कई अग्रणी कार्य किए, जिनसे आज भी लोग प्रेरणा लेते हैं। समाज के किरण होलकर ने आगे बताया कि रानी अहिल्याबाई होलकर परम शिव भक्त थीं और उन्होंने काशी विश्वनाथ, रामेश्वरम जैसे कई बड़े मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया था। उनके इन कार्यों के कारण ही ये मंदिर आज भी जीवंत हैं। उनके नाम पर बस स्टैंड होने से आने वाली पीढ़ियां भी उनसे प्रेरित होंगी। बस स्टैंड का नाम अहिल्याबाई पर रखने की मांग महापौर रामू रोहरा ने बताया कि खपरी में जो नया बस स्टैंड बन रहा है, उसका काम लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से शुरू हो चुका है। लोगों की यह मांग है कि बस स्टैंड का नाम रानी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा जाए। महापौर ने कहा कि यह नामकरण राज्य सरकार के स्तर का मामला है। जितने भी नाम सुझाए गए हैं, उन्हें सरकार को भेजा जाएगा और अंतिम फैसला राज्य सरकार ही लेगी।
<













