दादी जानकी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम: रायपुर के शांति सरोवर में जुटे श्रद्धालु, मोस्ट स्टेबल माइंड के रूप में मिली थी पहचान – Raipur News
रायपुर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी जानकी की छठवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। बलौदाबाजार मार्ग स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी सहित कई लोग मौजूद रहे। इस मौके पर सविता दीदी ने कहा कि दादी जानकी संस्थान की संस्थापक सदस्यों में से एक थीं और उनकी गिनती दुनिया के प्रमुख बुद्धिजीवियों में होती थी। वर्ष 1992 में पृथ्वी महासम्मेलन में उन्हें विश्व नेताओं को मार्गदर्शन देने के लिए चुना गया था। इस सम्मान के लिए भारत से केवल दो लोगों का चयन हुआ था, जिनमें दादी जानकी और दलाई लामा शामिल थे।
वैज्ञानिकों ने दिया मोस्ट स्टेबल माइंड इन द वर्ल्ड का खिताब जानकारी के मुताबिक, दादी जानकी ने राजयोग के जरिए वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया था। यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबोर्न, यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन फ्रांसिस्को में हुए परीक्षणों में पाया गया कि बातचीत या काम करते समय भी उनके मस्तिष्क से डेल्टा तरंगें निकलती थीं, जो आमतौर पर गहरी नींद में ही होती हैं। इसी खासियत के कारण वैज्ञानिकों ने उन्हें “मोस्ट स्टेबल माइंड इन द वर्ल्ड” का खिताब दिया था। उन्होंने बिना अंग्रेजी जाने भी विदेशों में संस्थान का विस्तार किया। उनके प्रयासों से आज ब्रह्माकुमारी संस्थान की शाखाएं 140 से अधिक देशों में चल रही हैं। कार्यक्रम में सभी ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही।
<










