विज्ञापन दें / सहयोग करें

नक्सल ऑपरेशन को समझने सैन्य अधिकारियों का डिलेगेट्स पहुंचा छत्तीसगढ़: बीएसपी और मेडिकल कॉलेज के साथ पुलिस थानों के कार्यों को देखा, राजस्थान के आईजी बोले- यहां की लर्निंग काफी मददगार – durg-bhilai News



छत्तीसगढ़ में नक्सल ऑपरेशन और विकास कार्यों को करीब से समझने के लिए नई दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस के 16 वरिष्ठ अधिकारियों का दल इन दिनों राज्य के दौरे पर है। गुरुवार को यह दल भिलाई पहुंचा, जहां उन्होंने अलग-अलग जगहों का भ्रमण कर यहां की व्यवस्था और कामकाज को देखा और समझा। भ्रमण के बाद सभी अधिकारी पुलिस ऑफिसर्स मेस पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर दुर्ग संभाग के आयुक्त, कलेक्टर, रेंज आईजी, डीआईजी समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सबसे पहले भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी प्लांट) का दौरा किया। यहां उन्होंने स्टील उत्पादन की प्रक्रिया को देखा और जाना कि किस तरह यहां बना लोहा देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने भिलाई के मेडिकल कॉलेज और भिलाई नगर थाना का भी निरीक्षण किया। थाने में उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, केस सुलझाने के तरीके और सुरक्षा व्यवस्था को समझा। इस दौरान अधिकारियों ने शहर में लगे कैमरा सिस्टम, निगरानी व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के तरीकों की भी जानकारी ली। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि यहां पुलिस किस तरह टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर अपराध पर नजर रखती है और मामलों को जल्दी सुलझाती है। भिलाई के दौरे से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…

नक्सल ऑपरेशन को देखने गए थे बस्तर
2007 बैच राजस्थान कैडर के आईपीएस और आईजी अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि यह दौरा कोर्स का ही एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह एक साल का नेशनल स्ट्रैटेजी और सिक्योरिटी स्टडीज का कोर्स होता है। जिसमें देश और दुनिया की सुरक्षा से जुड़े अलग-अलग पहलुओं को समझाया जाता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ जो काम हुआ है, वह काफी अहम है और इसे जानना उनके लिए एक सीख की तरह है। नक्सलियों ने का सफाया जिस तरह से प्रदेश में हुआ है और कई नक्सली हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे हैं, यह काफी बेहतर कार्य है, जिसे देखने और समझने दल यहां पहुंचा है। नेशनल स्ट्रैटेजी और सिक्योरिटी पर फोकस
आईजी ने बताया कि इस दौरे का मकसद छत्तीसगढ़ की आर्थिक सुरक्षा, यहां की मुख्य गतिविधियों और खास तौर पर नक्सल ऑपरेशन को समझना है। अमनदीप सिंह कपूर ने यह भी बताया कि इस दल में सेना के अधिकारी भी शामिल हैं, साथ ही कुछ विदेशी अधिकारी भी इस भ्रमण का हिस्सा हैं। सभी लोग यहां के अनुभव से सीख लेकर अपने-अपने क्षेत्र में इसका उपयोग कर सकेंगे। आदिवासी संस्कृति और उनके लाइफ स्टाइल को भी देखा
इस दौरे के दौरान अधिकारियों ने बस्तर क्षेत्र का भी भ्रमण किया। वे जगदलपुर, कांकेर और कोंडागांव जैसे इलाकों में गए, जहां उन्होंने आदिवासी जीवन, उनकी संस्कृति और खेती से जुड़ी गतिविधियों को देखा। अधिकारियों ने यहां के पारंपरिक कला और रहन-सहन के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया और यहां की सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें यहां के ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों के बारे में भी जानकारी दी गई। सुरक्षा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ ने विकास भी किया है- आईजी
अमनदीप सिंह कपूर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जिस तरह विकास के साथ सुरक्षा के क्षेत्र में काम किया है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था और अनुभव उनके लिए काफी मददगार साबित होंगे। उन्होंने बताया कि भिलाई में बीएसपी प्लांट का दौरा करना उनके कार्यक्रम का अहम हिस्सा था, क्योंकि यहां की औद्योगिक गतिविधियों को समझना जरूरी था। इससे उन्हें यह समझने में मदद मिली कि राज्य की अर्थव्यवस्था किस तरह आगे बढ़ रही है। दौरे के अंतिम दिन यह दल मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मुलाकात करेगा। इसके बाद सभी अधिकारी वापस लौट जाएंगे।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button