महानदी पुल के नीचे मिली युवक की लाश: देर रात दोस्तों के साथ निकला था, सुबह मिली लाश; सुसाइड-मर्डर एंगल पर पुलिस कर रही जांच – Raipur News
रायपुर के आरंग थानाक्षेत्र में स्थित महानदी पुल के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय युवक का शव नीचे मिला। मृतक की पहचान ग्राम पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल पिता राजाराम पाल के रूप में हुई है। युवक कल शाम से लापता था। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह महज एक हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश। आइसक्रीम खाने रुका, फिर नहीं लौटा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमलाल पाल गुरुवार शाम अपने एक दोस्त के साथ घर से घूमने निकला था। रास्ते में निसदा मोड़ के पास उसने दोस्त से कहा कि उसे आइसक्रीम खानी है और वह वहां रुक गया। दोस्त वहां से आगे निकल गया, लेकिन काफी देर तक जब प्रेमलाल घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। सुबह उसकी लाश पुल के नीचे मिलने की खबर आई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। भाई को भेजा था ‘दर्द भरा’ मैसेज पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। बताया जा रहा है कि मौत से कुछ समय पहले प्रेमलाल ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर एक भावुक मैसेज भेजा था। इस मैसेज में उसने अपनी शारीरिक बीमारियों और मानसिक तकलीफों का जिक्र किया था। पुलिस के मुताबिक, वह काफी समय से किसी शारीरिक समस्या से जूझ रहा था और तनाव में था। आरंग पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच शुरु कर दी है। मृतक के दोस्तों से भी पुलिसकर्मी पूछताछ कर रहे है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया, कि शुरुआती जांच में मामला बीमारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने का लग रहा है। भाई को भेजा गया मैसेज भी इसकी पुष्टि कर रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी। हत्या और आत्महत्या दोनो एंगल पर विवेचना की जा रही है।
<













