विज्ञापन दें / सहयोग करें

नवविवाहिता की लाश तालाब में मिली, पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नवविवाहिता की लाश 9 सितंबर को घर से कुछ दूर तालाब में मिली। उसकी शादी 4 माह पूर्व ही हुई थी। सूचना पर मायके वाले उसके ससुराल पहुंचे। इस दौरान शव निकाल लिया गया था।

सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम पचावल के बराईडांड़ निवासी संगीता यादव पिता गंगा यादव, 19 वर्ष, की शादी ग्राम सेमरवा निवासी दिलीप यादव से इसी वर्ष 12 मई को हुई थी। संगीता की लाश 9 सितंबर की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे ससुराल घर से करीब 50 मीटर दूर तालाब में मिली।

मृतका के पिता गंगा यादव का कहना है कि बेटी को दहेज को लेकर ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। दामाद ने मारपीट भी की थी। इसके बाद उन्होंने सामाजिक बैठक कराई थी, इसमें समझौता हुआ था, लेकिन प्रताड़ना कम नहीं हुई थी।

गंगा यादव के मुताबिक 9 सितंबर को दामाद ने फोन कर बताया कि संगीता घर से भाग गई है। वे कुछ समझ पाते, इसके आधे घंटे बाद ही दामाद ने फिर फोन किया और कहा कि वह तालाब में कूद गई है, उसकी मौत हो चुकी है। खबर सुनते ही वह घर के अन्य सदस्यों के साथ ग्राम सेमरवा पहुंचा तो संगीता का शव तालाब से निकाल लिया गया था।

मृतका के पिता गंगा यादव का आरोप है कि संगीता का एक हाथ टूटा हुआ था तथा उसकी पसलियों पर भी चोट के निशान थे। इस आधार पर उसने दामाद व ससुराल वालों पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है।

सूचना पर सनावल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। यहां गुरुवार को 3 डॉक्टरों की टीम द्वारा मृतका का पीएम किया गया। पीएम पश्चात पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके पति दिलीप यादव व ससुर सुरेश यादव की बेदम पिटाई कर दी। दोनों को रामानुजगंज के 100 बिस्तरीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाज का कहना है कि रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button