कुम्हारी टोल प्लाजा पर विवाद, ट्रक ड्राइवर की मौत: मारपीट के बाद बिगड़ी थी तबीयत, हाईवा ड्राइवर गिरफ्तार, जेल भेजा गया – durg-bhilai News
दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने एक ट्रक ड्राइवर की जान ले ली। मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट में घायल ट्रक ड्राइवर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी हाईवा ड्राइवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना 10 जून 2026 की है। दुर्ग-रायपुर मार्ग स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा के पास ट्रक क्रमांक HR 38 Z 3022 का चालक यूटर्न लेकर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर रहा था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 04 LB 9345 वहां पहुंचा। टोल प्लाजा के पास हुआ विवाद वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों ड्राइवरों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हाईवा ड्राइवर ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के बाद बिगड़ी तबीयत, रास्ते में मौत प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के बाद ट्रक ड्राइवर की तबीयत अचानक खराब हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों से खुला मामला जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान हाईवा ड्राइवर ने ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की थी। तकनीकी और मौखिक सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। हत्या नहीं, आपराधिक मानव वध का मामला पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि मामला हत्या की श्रेणी में नहीं आता। इसके आधार पर थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत आपराधिक मानव वध का मामला कायम किया गया है। बालोद निवासी है आरोपी गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव कुमार साहू (37) निवासी ग्राम भूसरेंगा, पोस्ट बेलौदी, थाना रनचिरई, जिला बालोद के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हाईवा और फुटेज जब्त पुलिस ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सबूतों के रूप में सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है। वहीं घटना में प्रयुक्त हाईवा वाहन क्रमांक CG 04 LB 9345 को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
<












