नकटी से राजभवन तक पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस: 15 जुलाई को राज्यपाल से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे प्रदेश कांग्रेस – Raipur News
नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस पदयात्रा निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित परिवारों के साथ नकटी गांव से राजभवन तक पदयात्रा निकालेंगे और राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है। इस संबंध में राजभवन को रिमाइंडर पत्र भी भेजा गया है और 15 जुलाई को समय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पदयात्रा की तैयारियों को लेकर आज राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पदयात्रा की रूपरेखा पर चर्चा की और नेताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपीं। कांग्रेस का कहना है कि नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए हैं और प्रभावितों को न्याय दिलाने के लिए यह पदयात्रा निकाली जाएगी। पार्टी इस पूरे मामले को राज्यपाल के सामने उठाकर कार्रवाई की मांग करेगी। बैठक में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, प्रदेश महामंत्री दीपक मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नकटी गांव में 29 जून को हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से कांग्रेस लगातार सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है। इससे पहले पार्टी विधानसभा में इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने का फैसला कर चुकी है। अब पदयात्रा के जरिए कांग्रेस इस मामले को सड़क से राजभवन तक ले जाने की तैयारी में है।
<












