कलेक्टर ने प्राथमिक शाला खम्हारडीह का किया निरीक्षण: बच्चों ने क्रिकेटर बनने की इच्छा जताई, बैट-बॉल देकर बढ़ाया उत्साह – baloda bazar News
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने रविवार को विकासखंड बलौदाबाजार के प्राथमिक शाला खम्हारडीह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों का हौसला बढ़ाया और उनकी खेलों में रुचि को देखते हुए तुरंत बैट और बॉल भी उपलब्ध कराए। कलेक्टर ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह बातचीत के दौरान कई बच्चों ने बताया कि वे बड़े होकर डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस अधिकारी और सैनिक बनना चाहते हैं। वहीं विकास कुमार पैकरा और पीयूष पैकरा ने क्रिकेटर बनने की इच्छा जताई। बच्चों के खेल के प्रति उत्साह को देखते हुए कलेक्टर शर्मा ने तुरंत बैट और बॉल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जो थोड़ी ही देर में बच्चों को मिल भी गए। खेल सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कक्षा 5वीं की छात्रा बोली- बनूंगी कलेक्टर इसी दौरान कक्षा 5वीं की छात्रा देविका रात्रे ने बताया कि वह भविष्य में कलेक्टर बनना चाहती है। इस पर कलेक्टर शर्मा ने उसका हौसला बढ़ाया और कहा कि अगर वह मन लगाकर पढ़ाई और लगातार मेहनत करेगी, तो अपने लक्ष्य को जरूर हासिल कर सकती है। उन्होंने सभी बच्चों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगन और मेहनत से आगे बढ़ने की अपील की। ग्रामीणों से अपील- बच्चों की पढ़ाई में करें सहयोग कलेक्टर शर्मा ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों में बहुत प्रतिभा है, बस उन्हें सही पहचान और सही मार्गदर्शन देने की जरूरत है। उन्होंने सरपंच, पंच और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रामीणों से भी अपील की कि वे बच्चों का लगातार हौसला बढ़ाएं और उनकी पढ़ाई व संपूर्ण विकास में सहयोग करें। ग्रामीणों की मांग पर स्कूल में बढ़ेंगे कक्ष निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत के सदस्यों और ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि प्राथमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्षों की जरूरत है। इस पर कलेक्टर शर्मा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्कूल भवन के लिए दो अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति दी जाएगी, ताकि बच्चों को बेहतर पढ़ाई का माहौल मिल सके। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, डीईओ संदीप शर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
<













