कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण, खेल पर दिए निर्देश: आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक में सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर – Gaurela News
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभाग की योजनाओं और चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को अच्छी शिक्षा, पौष्टिक भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और खेल की सुविधाएं देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी छात्रावासों और आश्रमों में बच्चों को संतुलित भोजन दिया जाए और उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। यदि किसी बच्चे में मलेरिया के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया जाए और इसकी जानकारी परिवार को भी दी जाए। उन्होंने जिले के 80 छात्रावासों और आश्रमों में बनी पोषण वाटिकाओं में सब्जियों और फलों का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। इन वाटिकाओं में कद्दू, लौकी, करेला, खीरा, बरबट्टी, मुनगा, केला और पपीता जैसी पौष्टिक चीजें उगाई जा रही हैं। बैठक में कलेक्टर ने गुरुकुल क्रीड़ा परिसर के खाली छात्रावास सीटों को जल्द भरने और ज्यादा से ज्यादा बच्चों को लाभ देने के लिए कहा। उन्होंने खिलाड़ियों को तैराकी जैसी गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें बेहतर खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले से अच्छे खिलाड़ी तैयार करना प्राथमिकता है। इसके अलावा उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा और नेवसा में बन रहे भवनों का काम जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए प्रवेश के समय ही ऑनलाइन आवेदन कराने के निर्देश भी दिए।
<











