CM साय और मंत्रिमंडल ने 80 के दशक के रेट्रो लुक में AI तस्वीरें शेयर कीं
सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक की यादें ताजा करने वाला AI फोटो ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर यूजर्स अपनी मौजूदा तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से 1980 के दशक के रेट्रो लुक में बदलकर शेयर कर रहे हैं।
अब इस ट्रेंड का असर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उनकी कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने 80 के दशक के रेट्रो लुक में अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। AI से तैयार इन तस्वीरों में मंत्री अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में उस दौर के कपड़े, हेयरस्टाइल, रंग, कैमरा क्वालिटी और विंटेज बैकग्राउंड का इस्तेमाल किया गया है।
1980s Retro AI Trend में किसी व्यक्ति की सामान्य तस्वीर को AI टूल की मदद से 80 के दशक की फोटो जैसा बनाया जाता है। AI तस्वीर में कपड़े, हेयरस्टाइल, कलर टोन, फोटो की क्वालिटी और बैकग्राउंड को उस दौर के हिसाब से बदल देता है। इससे तस्वीर देखने पर ऐसा लगता है, जैसे वह कई दशक पुरानी हो।
यह ट्रेंड सिर्फ नेताओं तक सीमित नहीं है। आम सोशल मीडिया यूजर्स, कलाकार और दूसरे चर्चित चेहरे भी अपनी तस्वीरों को रेट्रो अंदाज में बदलकर शेयर कर रहे हैं। कोई अपनी फोटो को पुराने फिल्मी अंदाज में तैयार कर रहा है, तो कोई शादी, कॉलेज या पारिवारिक तस्वीर जैसा लुक दे रहा है। पुरानी फिल्मों का फैशन और विंटेज फोटो इफेक्ट इस ट्रेंड को खास बना रहा है।
80s इंस्पायर्ड AI फोटो बनाने के लिए यूजर्स किसी AI इमेज जनरेशन टूल, जैसे ChatGPT, में अपनी साफ तस्वीर अपलोड कर सकते हैं। इसके बाद चेहरे की पहचान बरकरार रखते हुए तस्वीर को 80 के दशक के लुक में बदलने का प्रॉम्प्ट दिया जा सकता है। रेट्रो लुक के लिए वॉल्यूमिनस हेयरस्टाइल, रंगीन कपड़े, डेनिम जैकेट, स्टेटमेंट एक्सेसरीज, विंटेज इंटीरियर, बॉलीवुड से प्रेरित बैकग्राउंड, वार्म लाइटिंग, फीके रंग और फिल्म-ग्रेन इफेक्ट जैसी डिटेल्स जोड़ी जा सकती हैं। यूजर्स हेयरस्टाइल, आउटफिट और बैकग्राउंड में बदलाव कर तस्वीर को अपनी पसंद के मुताबिक भी तैयार कर सकते हैं।
भारत में सोशल मीडिया पर पहले भी कई फोटो ट्रेंड वायरल हुए हैं। जनवरी 2026 में 10 साल पुरानी तस्वीरें शेयर करने का ट्रेंड चला था, जिसमें लोग अपनी 2016 की तस्वीरें शेयर कर रहे थे। आलिया भट्ट, करीना कपूर खान और सोनम कपूर समेत कई सेलेब्स ने भी इस ट्रेंड में 2016 की अपनी तस्वीरें शेयर की थीं।
मार्च 2025 में घिबली लुक का ट्रेंड भी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ था। यह AI फोटो ट्रेंड था, जिसमें लोग AI टूल्स की मदद से अपनी सामान्य तस्वीरों को स्टूडियो घिबली की एनिमेशन शैली में बदल रहे थे। इस ट्रेंड में लोगों ने अपनी, परिवार और दोस्तों की तस्वीरों को घिबली अंदाज में बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। अमिताभ बच्चन, परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर समेत कई सेलेब्स भी इस ट्रेंड में शामिल हुए थे।
10 इयर्स चैलेंज भी सोशल मीडिया के सबसे चर्चित फोटो ट्रेंड्स में से एक रहा। जनवरी 2019 में इस ट्रेंड के तहत लोग अपनी 10 साल पुरानी और मौजूदा तस्वीर एक साथ शेयर करते थे। दोनों तस्वीरों में लोग 10 साल के दौरान अपने लुक में आए बदलाव को दिखाते थे।













