विज्ञापन दें / सहयोग करें

शहर विकास को मिली 32.50 करोड़ से अधिक की स्वीकृति: रायगढ़ में MIC बैठक में 19 एजेंडों पर लगी मुहर, कई विषयों पर की गई चर्चा – Raigarh News



छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में मेयर इन कांउसिल की बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर के विकास कार्यों, पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण सरंक्षण समेत जनहित से जुड़े 19 एजेंडो पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लगभग 32.50 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कामों व योजनाओं को स्वीकृति दी गई। मंगलवार को महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। जिसमें शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक बेतहर व व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 17 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं इंटेकवेल में स्काडा कम्पेटिबल पावर पंप व विभिन्न ईएसआर में स्काडा कम्पेटिबल बूस्टर पंप लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के लोगों को बेहतर और नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के लिए ऑटोमैटिक रोड स्वीपिंग मशीन खरीदने का निर्णय लिया गया। साथ ही 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत शहर के 48 वार्डों एवं मुख्य मार्गों की साफ-सफाई के लिए आवश्यक वाहन, उपकरण व संसाधन क्रय करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी व नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बड़े रामपुर स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में सघन पौधरोपण कराने का निर्णय लिया गया।
शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय
वहीं शहर में मटन, मुर्गा व मछली विक्रेताओं के लिए एक व्यवस्थित व सर्वसुविधायुक्त बाजार विकसित करने के उद्देश्य से बड़े रामपुर में आधुनिक मटन मार्केट निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। बैठक में शहर के 48 वार्डों से प्राप्त विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति के लिए शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
राजस्व में वृद्धि से जुड़े विषयों पर भी निर्णय लिए
इसके अलावा अमलीभौना ट्रांसपोर्ट नगर व जेल कॉम्प्लेक्स की जर्जर दुकानों को समिति की अनुशंसा के आधार पर हटाने, मीना बाजार के लिए उपयुक्त स्थान तय करने व निगम के राजस्व में वृद्धि से जुड़े विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि लोगों को बेहतर पेयजल, स्वच्छता, सड़क, पर्यावरण व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button