मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर को दी 11.52 करोड़ की सौगात
तीन स्थानों पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल, ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
जशपुर जिले के विकास की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक और बड़ी सौगात दी है। जिले के तीन प्रमुख मार्गों पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 11 करोड़ 52 लाख 43 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस फैसले से विशेषकर वर्षा ऋतु में ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन में आने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
तीन प्रमुख स्थलों पर होंगे पुल निर्माण
लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले के तीन महत्वपूर्ण स्थलों पर पुल निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं—
🔹 बोडोकछार–चटकपुर मार्ग पर स्थित चंपाझरिया नाला में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है, जहां बरसात में सड़क बह जाने से आवाजाही बाधित हो जाती थी।
🔹 भालूमुंडा–खजूरघाट मार्ग पर स्थित कोकिया नदी पर पुल निर्माण हेतु 3 करोड़ 32 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इस पुल से ग्रामीणों को पूरे साल निर्बाध आवाजाही की सुविधा उपलब्ध होगी।
🔹 डूमरबहार–तमता मार्ग पर शेखरपुर के पास गुढ़ा नाला में 3 करोड़ 73 लाख 85 हजार रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण होगा। यह पुल न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि आपातकालीन सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी।
ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
पुल निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में जहां पहले सड़कें कट जाती थीं, अब पक्के और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों में भी गतिशीलता आएगी।
मुख्यमंत्री के प्रयासों पर जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा लगातार की जा रही घोषणाएं और विकास कार्यों की स्वीकृति यह दर्शाती है कि राज्य सरकार जशपुर जैसे दूरस्थ अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए आभार प्रकट किया है और इसे जिले की बड़ी उपलब्धि बताया है।












