मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अचानक पहुंचे सक्ती जिले के करिगांव: पीपल के पेड़ तले चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
रायपुर, :- सुशासन तिहार 2025 के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिना किसी पूर्व सूचना के सक्ती जिले के ग्राम करिगांव पहुंचे। उन्होंने गांव के पीपल पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं, मांगें व सुझाव सुने।
चौपाल में ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नोनी मैया दाई मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही पटवारी को सप्ताह में एक दिन गांव में उपस्थित रहकर राजस्व मामलों का निराकरण करने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत भवन के नए निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के इस चरण में पूरी शासन व्यवस्था गांवों में पहुंची है। मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी साथ हैं और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारियों की स्थिति में ग्रामीणों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने गांव में आंगनबाड़ी और स्कूल के संचालन की जानकारी ली और बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायज़ा लिया। गिरते भूजल स्तर को लेकर उन्होंने चिंता जताई और किसानों को कम पानी में अधिक उपज देने वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी।
तालाब के किनारे की भूमि संबंधी विवाद पर उन्होंने मौके पर ही कलेक्टर को नापजोख कर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्रामीणों से उन्होंने कई आवेदन भी प्राप्त किए।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव पी. दयानंद भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के अचानक गांव पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। इस अवसर पर सरपंच कंचन मधुकर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।











