छह साल में साइकिल से नाप दिया पूरा देश… छत्तीसगढ़ के शिक्षक संतोष गुप्ता ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। जीवन की भागमभाग में शिक्षक ने अपनी पढ़ाई की रफ्तार तो जारी ही रखी, साथ ही साइकिल चलाने की धुन ने उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दिला दिया। जज्बा ऐसा कि छह साल के भीतर ही उन्होंने भारत देश की चारों सीमाएं साइकिल से ही नाप दीं। अब तक वह एक लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तक साइकिल चला चुके हैं। देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश लेकर चलते हैं शिक्षक व साइकिलिस्ट संतोष गुप्ता।
चहुंओर प्राकृतिक नजारों से घिरे गंगरेल बांध के किनारे 14 जून को मेगा साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का अवसर था। धमतरी जिले के गंगरेल बांध से शुरू हुई इस रेसिंग स्पर्धा में प्रदेश के मुंगेली जिले के लोरमी निवासी 44 वर्षीय शिक्षक व साइकिलिस्ट संतोष गुप्ता (पुत्र स्वर्गीय बिहारी लाल गुप्ता) भी पहुंचे। इस शिक्षक पर साइकिल चलाने का जज्बा ऐसा है कि इस बार जब वह धमतरी जिले पहुंचे, तो तकनीकी खराबी ने उन्हें रेस में थोड़ा पीछे कर दिया। साइकिल खराब हुई, फिर भी उन्होंने चौथे नंबर का प्रतियोगी बनकर अपना दबदबा कायम रखा।
यह हुनरमंद साइकिलिस्ट एक चर्चित नाम है, जिनके नाम साइकिल चलाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बन चुका है और प्रतिदिन कम से कम वह 70 किलोमीटर साइकिल चलाने का टारगेट रखते हैं। वर्तमान में शिक्षक संतोष गुप्ता शासकीय प्राथमिक शाला सल्फा-सरगांव, विकासखंड पथरिया में पदस्थ हैं। वह हर रोज साइकिल से ही स्कूल पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन वह 70 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं।
अब तक एक लाख किलोमीटर से अधिक चला चुके हैं साइकिल
साइकिलिस्ट संतोष गुप्ता ने नईदुनिया धमतरी को बताया कि अब तक वह एक लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी का सफर साइकिल से तय कर चुके हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी, बिलासपुर से नेपाल, छत्तीसगढ़ के सभी जिले, खारदुंगला लेह और लद्दाख तक उन्होंने साइकिल से सफर किया है। खारदुंगला लेह दुनिया का सबसे ऊंचा पहाड़ है, जहां उन्होंने साइकिलिंग की है।
महाराष्ट्र, हरियाणा, यूपी व छत्तीसगढ़ के रेसरों ने लिया हिस्सा
जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति कोटाभर्री-धमतरी के तत्वावधान में 14 जून को गंगरेल बांध के किनारे आयोजित मेगा साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सुबह से ही साइकिल रेसरों की भीड़ लगी रही। स्पर्धा में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा जैसे राज्यों के प्रतिभागियों के साथ छत्तीसगढ़ के धमतरी, राजनांदगांव और रायपुर जिलों के रेसरों ने हिस्सा लिया।
महिला-पुरुष व बच्चों की कई वर्गीय स्पर्धाएं हुईं, जिनमें सैकड़ों रेसरों ने हिस्सा लिया। 12 किलोमीटर की इस रेस में पुरुष वर्ग गियर साइकिल स्पर्धा में प्रथम महाराष्ट्र के सिद्धेश पाटिल रहे, जिन्हें 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं बिना गियर साइकिल रेस में राजनांदगांव के नंदकिशोर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 50 हजार रुपये का इनाम जीता।
यह भी पढ़ें- MP शिक्षक तबादला नीति में बदलाव, स्वैच्छिक तबादले से शिक्षकों की वरिष्ठता पर असर, पदोन्नति की राह हो सकती है मुश्किल
कार्यक्रम में अतिथि पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव समेत अन्य अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेसर व लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. भूपेन्द्र साहू ने किया।
Source link












