CG Weather Update: शीत लहर की चपेट में सरगुजा संभाग, 7.3°C पहुंचा न्यूनतम तापमान
CG Weather: प्रदेश में मौसम की स्थिति शुष्क बनी हुई है। IMD का अनुमान है कि अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि सरगुजा संभाग में शीत लहर की चलने का अनुमान है, जिससे और अधिक ठंड बढ़ेगी।
Publish Date: Wed, 19 Nov 2025 08:03:28 AM (IST)
Updated Date: Wed, 19 Nov 2025 08:11:09 AM (IST)
HighLights
- अगले 24 घंटों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा
- तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि
- उत्तर भारत से ठंडी हवाओं के असर से बढ़ी ठंड
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि इसके बाद आगामी चार दिनों में रात और सुबह के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है, जिसके चलते लोगों को सुबह और देर शाम अधिक ठंड का अहसास होगा।
मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में ठंडी हवा के झोंकों और साफ आसमान के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहा। सरगुजा संभाग के कई जिलों में शीत लहर जैसे हालात देखने को मिला। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.3°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। तापमान में यह गिरावट साफ आसमान और रात के दौरान धरातल के तेजी से ठंडा होने के कारण है।
कैसा रहेगा राजधानी का हाल
रायपुर शहर की बात करें तो मंगलवार को अधिकतम तापमान 28°C रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 13.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे रहा। बुधवार को भी राजधानी में आकाश साफ रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29°C और न्यूनतम लगभग 14°C रह सकता है। सुबह और शाम की ठंड से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अन्य प्रमुख शहरों का हाल
प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में बिलासपुर, पेण्ड्रारोड, अंबिकापुर, जगदलपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में भी तापमान सामान्य से कम रिकार्ड किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.3°C तक पहुंच गया, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 30°C के पार दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में सुबह की आद्रता 85 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे ठंड और अधिक महसूस हुई।
Source link











