घरघोड़ा में 30 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
घरघोड़ा। घरघोड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में उरांवपारा, घरघोड़ा में की गई।
आरोपी रामभरोस उर्फ बंटू उरांव (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 उरांवपारा, अपने घर के सामने शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक जरिकेन से कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,500 बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और महिला आरक्षक सुप्रिया सिंह सिदार की सराहनीय भूमिका रही।
थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।










