विज्ञापन दें / सहयोग करें

सरगुजा में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई: 124 सिलेंडर जब्त, कलेक्टर ने कहा- एजेंसियों में गैस का पर्याप्त स्टॉक – Ambikapur (Surguja) News



सरगुजा में प्रशासनिक अमले ने घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई करते हुए 124 सिलेंडर जब्त किया है। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि सरगुजा में एजेंसियों के पास पर्याप्त गैस सिलेंडर है, इसलिए पैनिक होने की जरूरत नहीं है। वहीं गैस एजेंसियों के संचालकों ने कहा कि बुकिंग के पांच से सात दिनों में सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जा रहा है। सरगुजा में खाद्य विभाग की ओर से गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई की जा रही है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच में उदयपुर क्षेत्र की तुलसी छत्तीसगढ़ गैस एजेंसी से 115, गोरख गैस चूल्हा रिपेयरिंग, नमनाकला से 3 और प्रदीप गैस चूल्हा रिपेयरिंग शॉप, दर्रीपारा से 6 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इन मामलों में गैस कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने कहा-सिलेंडर की कमी नहीं
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के उपभोक्ताओं से कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है। गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण पर नियमित रूप से निगरानी रखी जा रही है। राज्य स्तर पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, उपलब्धता एवं दैनिक आवश्यकता की निगरानी रखने और अवैध भंडारण पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। होटलों में गैस की किल्लत, लकड़ी से बन रहा है खाना ईरान जंग के कारण फिलहाल गैस एजेंसियों ने कमर्शियल गैस की आपूर्ति बंद कर दी है। इसके कारण शनिवार से कमर्शियल गैस नहीं मिल पा रहा है। होटलों में गैस का स्टॉक समाप्त हो गया है। होटलों में लकड़ी से खाना और अन्य मिठाइयां व नाश्ते बनाए जा रहे हैं। अनन्या होटल के संचालक कैलाश मिश्रा ने बताया कि कमर्शियल गैस किसी भी एजेंसी में नहीं है। इसके कारण उन्हें लकड़ी से चलने वाले भट्ठे जलाने पड़ रहे हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में यही स्थिति है। बुकिंग के बाद 9 दिन तक में मिल रहे सिलेंडर
घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता के दावों के बीच गैस एंजेसियों से डिलीवरी में देरी हो रही है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसी द्वारा पहले चार दिनों तक में गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाती थी। अब इसमें सात से नौ दिन लग रहे हैं। राजा गैस एजेंसी की डिप्टी मैनेजर विद्या सोनी ने कहा कि गैस की कमी नहीं है। उपभोक्ता पैनिक न हों। हालांकि अभी डिलीवरी में 7 दिन तक लग जा रहे हैं। शासन के निर्देशों के अनुरूप बुकिंग पर गैस की उपलब्धता हो रही है। ब्लैक में 1600 रुपये में भी नहीं मिल रहे सिलेंडर
गैस की किल्लत का सर्वाधिक असर ऐसे लोगों पर ज्यादा पड़ रहा है, जिन्हें तत्काल सिलेंडर की आवश्यकता है। इसमें शादी एवं अन्य आयोजनों के लिए गैस सिलेंडर चाहने वाले भी शामिल हैं। ब्लैक में 1600 रुपए तक में सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि पहले आसानी से 50 से 100 रुपए ज्यादा देने पर सिलेंडर मिल जाते थे।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button