रहेजा बिल्डर की साइट में हादसा, मजदूर जिंदा दफन: आठ फीट मिट्टी में दबकर झारखंड के कारपेंटर की मौत, परिजन बोले-बीमारी की दी थी सूचना – Raipur News
राजधानी रायपुर के कचना इलाके में निर्माणाधीन रहेजा प्रोजेक्ट साइट पर शनिवार की दोपहर को बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से एक मजदूर जिंदा दफन हो गया, जिससे उसकी घुटने से मौत हो गई। हादसे के बाद साइट पर हड़कंप मच गया और काम बंद कर दिया गया। मृतक का नाम गुड्डू रवि बताया जा रहा है, जो झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था। वह संतोष कुमार नाम के ठेकेदार के साथ काम करने के लिए रहेजा बिल्डर के परिसर में आया हुआ था। यह घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। क्लब हाउस की जगह हुआ हादसा पुलिस अधिकारियों और चश्मदीदों के अनुसार, क्लब हाउस निर्माण के दौरान ये हादसा हुआ है। कारपेंटर गुड्डू रवि शाम चार बजे अपने साथियों के साथ काम कर रहा था। गुड्डू गड्ढे में नीचे खड़ा था। उसी समय उसका साथी पानी पीने के लिए आगे बढ़ा। तभी अचानक मिट्टी का ढेर गुड्डू पर गिर गया और वो जिंदा दफन हो गया। साथी कर्मचारियों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एक महीने पहले गुड्डू रवि आया था रायपुर मृतक के शव को लेने के लिए रायपुर पहुंचे उसके भाई पुलेंदर कुमार ने बताया कि एक महीने पहले गुड्डू रवि काम करने के लिए रायपुर आया हुआ था। शनिवार की दोपहर उसकी बात उससे हुई थी। शाम चार बजे जब वो दुकान में था, तो गुड्डू के फोन से दोबारा कॉल आया। कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि भाई की तबीयत अचानक खराब हो गई है। रायपुर आ जाओ। परिजनों के साथ जब रायपुर के मेकाहारा पहुंचा तो भाई को मृत हालत में पाया। मेकाहारा में लोकल ठेकेदार मिला, जिसने बताया, कि मिट्टी के ढेर के नीचे वो दब गया था। इलाज के लिए जब तक उसे अस्पताल पहुंचाते उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम किया हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची खम्हारडीह पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके शव को पीएम के लिए भेजा और रविवार शाम को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटनास्थल पर बिल्डर के कर्मचारी तैनात हैं और मीडिया की इंट्री बैन है। पुलिस अधिकारी भी पीएम के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात बोल रहे हैं। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा खम्हारी प्रभारी आईपीएस मान्सी नानाभाई साकुरे ने बताया, कि हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर जाकर जांच और मर्ग कायम करके पीएम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी। जो भी व्यक्ति दोषी होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तीन बेटियों का पिता है गुड्डू मृतक के परिजनों ने बताया, कि गुडड् रवि की तीन बेटियां है। एक बेटी पांच साल की, दूसरी तीन साल और तीसरी नौ महीने की है। गुड्डू की मौत की जानकारी मिलने पर पत्नी माया देवी बदहवास है। परिजनों ने मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की है।
Source link












