घर में अकेली महिला का गला रेता: खून से लथपथ हालत में मिली, पुलिस ने शुरू की जांच – Raipur News
रायपुर से लगे धरसीवां थाना क्षेत्र के मौहागांव में एक महिला पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में अकेली रह रही महिला का अज्ञात बदमाश ने धारदार हथियार से गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला धरसीवां पुलिस के अनुसार, मौहागांव निवासी भागबती मन्नाडे अकेले रहकर मजदूरी करती हैं और इसी से अपना जीवनयापन करती हैं। शुक्रवार रात उनका रिश्तेदार चंद कुमार गिलहरे खाना देने उनके घर पहुंचा था। खाना देने के बाद वह वापस चला गया। देर रात जब वह तालाब की ओर से लौटकर दोबारा घर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। चंद कुमार ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर वह घर के भीतर गया तो भागबती खाट पर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उनके गले पर किसी धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान थे। यह दृश्य देखकर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धरसीवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल आंबेडकर अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। हत्या की नियत से हमला: पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि रात करीब 8.30 बजे से 11.50 बजे के बीच कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और हत्या की नीयत से महिला पर हमला कर फरार हो गया। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। धरसीवां थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Source link












