विज्ञापन दें / सहयोग करें

सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में 12 हाथियों का नया दल पहुंचा, घर में तोड़फोड़

सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहले से ही 15 हाथियों का दल सुखरी, भंडार, बिच्छल घाटी, सायर, ससाकालो, लक्ष्मणगढ़ सहित आसपास के जंगलों में विचरण कर रहा है। इसी बीच कोरिया जिले की ओर से 12 हाथियों का नया दल प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मेंड्रा सतकोनापारा गांव में पहुंच गया और ग्रामीण आलम नेटी के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।

हाथियों के इस हमले से घर को भारी नुकसान पहुंचा है। हाथियों के नए दल की दस्तक से वन विभाग के सामने चुनौती दोगुनी हो गई है। हाथियों से जानमाल का नुकसान न हो, इसे लेकर हाथियों के दोनों दलों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार हर साल सितंबर के आसपास हाथियों का दल इस क्षेत्र में पहुंचता है और नवंबर तक यहां के जंगलों और आसपास के गांवों में विचरण करता है। इस दौरान खेतों में खड़ी फसलें रौंदी जाती हैं, मकानों को नुकसान पहुंचता है और कई बार जनहानि भी होती है। बीते वर्षों में हाथी हमले में कई लोगों की मौत हो चुकी है।

वन विभाग चौबीस घंटे हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। सुखरी-भंडार क्षेत्र में 15 हाथियों के दल को आबादी से दूर रखने की कवायद चल रही थी, तभी मेंड्रा में 12 हाथियों के दल के पहुंचने की सूचना से ग्रामीणों में भय है। अब दो अलग-अलग क्षेत्रों में दो दलों की निगरानी करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग का कहना है कि हाथियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को हाथियों के करीब न जाने, उन्हें न घेरने और न उकसाने की अपील की गई है। हाथी दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button