डोडकाचौरा के पास तेज रफ्तार आल्टो कार अनियंत्रित होकर खेत में पलटी, शिक्षक बाल-बाल बचे।
जशपुर। जिले के डोडकाचौरा के पास सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार में चल रही आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और खेत में पलट गई। हादसे में कार चला रहे केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक नविन कुमार को मामूली चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे नविन कुमार जशपुर बस स्टैंड से डोडकाचौरा हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने रूम की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की गति अधिक होने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। कार सड़क किनारे से सीधे छलांग लगाते हुए खेत में जा गिरी और पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नविन कुमार को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और चालक सुरक्षित बच गए।
जशपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।









