बर्थडे पार्टी में खूनी संघर्ष…युवक की मौत: दुर्ग में मामूली विवाद में दोस्तों ने ईंट-पत्थर से कुचलकर मार डाला, 2 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार – durg-bhilai News
भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक जन्मदिन की पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। सरकारी स्कूल परिसर में हो रहे सेलिब्रेशन के दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ा कि दोस्तों ने ही मिलकर 20 वर्षीय युवक की पत्थर और ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस
.
जानकारी के मुताबिक, मृतक रोशन कुमार उर्फ बेंद्रा (20 वर्ष) रविवार रात करीब 10 बजे दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने घर से निकला था। नेवई थाना क्षेत्र के मरोदा स्टेशन कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल में उसके परिचित नकुल जायसवाल का 17वां जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस पार्टी में करीब 10 से 12 दोस्त शामिल हुए थे। सभी ने साथ मिलकर खाना खाया, बातचीत की और सेलिब्रेशन शुरू हुआ। सेलिब्रेशन में दोस्तों को बर्थडे किक मारने की रस्म शुरू हुई। सारा विवाद यहीं से शुरू हुआ।
बर्थडे ब्वाय को लेकर शुरू हुआ विवाद
सेलिब्रेशन के दौरान अचानक दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, रोशन और उसके साथी पार्टी में बर्थडे ब्वाय के साथ मजाक-मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि हाथापाई होने लगी। विवाद में नशे की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है।
पत्थर और ईंट से कुचलकर हत्या
नेवई पुलिस के अनुसार रात करीब 11.45 बजे के बाद झगड़ा इतना बढ़ा कि आकाश नामक युवक और उसके नाबालिग साथियों ने मिलकर रोशन को पकड़ लिया। रोशन को जमीन पर गिराकर उस पर पत्थर और ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रोशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पार्टी का माहौल मातम में बदल गया।
पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही नेवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरू में मर्ग दर्ज किया गया था, लेकिन हालात देखने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें दो नाबालिग हैं। बाद में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
स्कूल परिसर में पार्टी बना सवाल
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर बच्चों ने देर रात सरकारी स्कूल परिसर में शराब और पार्टी कैसे की? स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल का कैंपस लंबे समय से असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बना हुआ है। बाउंड्रीवॉल छोटी होने की वजह से शरारती तत्व कैंपस के अंदर घुस जाते हैं। रात में वहां जुआ, शराब और लड़ाई-झगड़े आम हो गए हैं। इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है और स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
एक आरोपी को भी जल्द करेंगे गिरफ्तार
इस मामले में सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। नाबालिग के साथ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link












