अधिकारियों को कानूनी किताब पढ़ाकर रेलवे सर्वे का काम रोकने वाले रुपनारायण गिरफ्तार
रेलवे सर्वे में बाधा डालने के आरोप में भारत मुक्ति मोर्चा के नेता रूपनारायण एक्का गिरफ्तार
जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के तिरसोंठ गांव में रेलवे के सर्वे कार्य में बाधा डालने के आरोप में भारत मुक्ति मोर्चा के नेता रूपनारायण एक्का को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक्का के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि रूपनारायण एक्का मंगलवार को कानून की किताब लेकर अधिकारियों से बहस करते नजर आए थे, लेकिन इस बार उसी कानून की किताब के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालना एक दंडनीय अपराध है और मामले की जांच की जा रही है।
मंगलवार को रेलवे विभाग के अधिकारी तिरसोंठ गांव में भूमि सर्वेक्षण कार्य के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान रूपनारायण एक्का स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा और अधिकारियों को पांचवीं अनुसूची के प्रावधानों का हवाला देते हुए कार्य रोकने की मांग करने लगा। उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “यहां न तो सत्कार की चलेगी, न कलेक्टर की।”
इस दौरान रूपनारायण एक्का और मौके पर मौजूद पत्थलगांव तहसीलदार एवं जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के बीच तीखी बहस हो गई। यह पूरा घटनाक्रम किसी ने वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।











