विज्ञापन दें / सहयोग करें

सरगुजा के देवटीकरा में मधुमक्खियों का हमला, एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से जख्मी

सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवटीकरा में मंगलवार शाम मधुमक्खियों ने खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय वृद्धा और चार वर्षीय मासूम समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है, जहां वृद्धा की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम देवटीकरा निवासी अजय यादव (40) अपने बड़े भाई प्रताप यादव (42) के साथ मंगलवार शाम करीब चार बजे खेत में मवेशी चरा रहा था। उसी समय अजय की मां मोहरमनिया (65 वर्ष) और उसकी चार वर्षीय बेटी आरती खेत में उड़द तोड़ रही थीं। उड़द के खेत में ही मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया।

बेटी को बचाने के लिए अजय ने उसे गोद में लेकर अपने शरीर से ढक लिया। इस दौरान मधुमक्खियों ने अजय के पूरे शरीर पर डंक मार दिया। हमले में उसकी मां और बेटी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

मधुमक्खियों के हमले के बाद चारों जान बचाने के लिए घर की ओर भागे। रास्ते में गांव के लोगों ने उन्हें देखा तो तत्काल घर से कंबल लाकर उन्हें ढका और उनकी जान बचाई।

प्रताप भागते हुए अपने घर पहुंचा, तब जाकर मधुमक्खियों ने उसका पीछा छोड़ा। स्वजन ने चारों घायलों को पहले खम्हरिया अस्पताल पहुंचाया, वहां से लखनपुर और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वृद्धा मोहरमनिया की हालत नाजुक होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य तीनों का उपचार जारी है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button